UPSSSC Exam 2024-25 Schedule Out: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने रुकी हुई चार प्रमुख परीक्षाओं असिस्टेंट अकाउंटेंट, ऑडिटर, एक्स-रे टेक्नीशियन और डेंटल हाइजीनिस्ट की नई एग्जाम डेट जारी कर दी है। वे सभी लोग जिन्होंने UPSSSC 2023 भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया था, वे आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in से एग्जाम शेड्यूल डाउनलोड कर सकते हैं। इस भर्ती अभियान के तहत करीब 2,462 पदों के लिए युवा परीक्षा देंगे।
UPSSSC की तरफ से जारी नोटिस के अनुसार ऑडिटर, डेंटल हाइजीनिस्ट, असिस्टेंट अकाउंट 2023 भर्ती परीक्षा 5 जनवरी 2025 को निर्धारित है। जबकि एक्स-रे टेक्नीशियन पद के लिए परीक्षा 15 दिसंबर 2024 और जूनियर असिस्टेंट भर्ती 2022 परीक्षा 19 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार लेटेस्ट अपडेट के लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं।
नोटिफिकेशन में कहा गया है कि एक्स-रे टेक्नीशियन पद के लिए सामान्य चयन परीक्षा 15 दिसंबर 2024 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। जबकि डेंटल हाइजीनिस्ट के लिए एग्जाम 5 जनवरी 2025 को दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगा। वहीं, ऑडिटर एवं असिस्टेंट अकाउंटेंट की मुख्य परीक्षा 5 जनवरी 2025 को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित होगी।
कब जारी होंगे एडमिट कार्ड?
इन परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड एग्जाम डेट से 15 दिन पहले जारी किए जाएंगे। यूपीएसएसएससी एडमिट कार्ड 2024 का लिंक आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर उपलब्ध होगा। छात्र परीक्षा में बैठने से पहले अपने एडमिट कार्ड पर दी गई जानकारी को ध्यान से जांच लें। इस भर्ती के जरिए कुल 2,462 खाली पद भरे जाएंगे।
2,462 में से 288 डेंटल हाइजीनिस्ट के लिए, 530 पद ऑडिटर और असिस्टेंट अकाउंट के लिए, 382 पद एक्स-रे टेक्नीशियन के लिए और 1,262 पद यूपीएसएसएससी जूनियर असिस्टेंट भर्ती 2022 के जरिए भरे जाएंगे। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल एग्जाम शामिल है। जो युवा परीक्षा के पहले चरण में पास होंगे, उन्हें तुरंत चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए बुलाया जाएगा।