Karnataka Election Results: कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर किसने क्या कहा? पढ़ें- पीएम मोदी से लेकर राहुल गांधी तक का बयान

Karnataka Election Results: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, "लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।" उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा है कि उन सभी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने कर्नाटक चुनाव में हमारा समर्थन किया है। मैं बीजेपी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना करता हूं। हम आने वाले समय में और भी अधिक ताकत के साथ कर्नाटक की सेवा करेंगे

अपडेटेड May 13, 2023 पर 7:38 PM
Story continues below Advertisement
Karnataka Election Results: राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 122 सीटों पर जीत मिल गई है, जबकि 14 सीट पर बढ़त बनाए हुए है

Karnataka Assembly Election Result 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को जारी मतगणना में 136 सीटों पर बढ़त के साथ कांग्रेस (Congress) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरती दिख रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) 64 सीट पर आगे है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की ओर से जारी ताजा आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध 5 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 122 सीटों पर जीत मिल गई है, जबकि 14 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, सत्तारूढ़ बीजेपी को 56 सीटों पर जीत मिल गई है, जबकि 8 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

उधर, जनता दल (सेक्युलर) को 18 सीटों पर जीत मिल गई, जबकि 2 सीट पर बढ़त हासिल है। जबकि दो सीट पर अन्य को जीत मिली है। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि यह जीत कांग्रेस के लिए ‘संजीवनी’ का काम किया है। कार्यकर्ताओं में नया जोश पैदा करेगा, जो 2024 के लोकसभा चुनाव में मददगार साबित होगी।

पीएम मोदी से लेकर राहुल गांधी तक...पढ़ें- किसने क्या कहा?


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, "लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।" उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा है कि उन सभी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने कर्नाटक चुनाव में हमारा समर्थन किया है। मैं बीजेपी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना करता हूं। हम आने वाले समय में और भी अधिक ताकत के साथ कर्नाटक की सेवा करेंगे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत पर प्रदेश की जनता और अपने नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए शनिवार को कहा कि दक्षिण भारत के इस राज्य में ‘नफरत का बाजार’ बंद हो गया है तथा ‘मोहब्बत की दुकानें’ खुली हैं। उन्होंने यह दावा भी किया कि कर्नाटक की गरीब जनता की शक्ति ने सांठगांठ वाले पूंजीवादियों की ताकत को हरा दिया है।

राहुल गांधी ने पत्रकारों से कहा कि सबसे पहले मैं कर्नाटक की जनता, कर्नाटक में कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं तथा वहां काम करने वाले सभी नेताओं को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के चुनाव में एक तरफ सांठगांठ वाले पूंजीवादियों की ताकत थी, दूसरी तरफ तरफ गरीब जनता की शक्ति थी। ‘शक्ति’ ने ‘ताकत’ को हरा दिया।

राहुल गांधी ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस गरीबों के साथ खड़ी हुई। हमने नफरत और गलत शब्दों से लड़ाई नहीं लड़ी। हमने प्यार से दिल खोलकर यह लड़ाई लड़ी। उनके मुताबिक, कर्नाटक की जनता ने यह दिखाया है कि इस देश को मोहब्बत अच्छी लगती है। कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हुआ और मोहब्बत की दुकाने खुलीं। राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक की जनता से जो पांच प्रमुख वादे किए गए हैं, उन पर सरकार बनते ही काम शुरू हो जाएगा।

ये भी पढ़ें- Karnataka Election Result 2023: राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' से कांग्रेस को कर्नाटक में कितनी मिली मदद? देखें आंकड़े

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मैं कर्नाटक की जनता को बधाई देती हूं। उन्होंने पूरे देश में आज ये संदेश दिया है कि वो अपनी समस्याओं की राजनीति चाहते हैं। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक ने देश को साबित कर दिया है कि ध्यान भटकाने वाली राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि जनता चाहती है कि उनके जो मुद्दे हैं उन पर चर्चा हो और उन्हीं मुद्दों पर यह चुनाव लड़ा गया है। जनता अब जागरुक बन गई है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यह 2024 की शुरूआत है। उन्होंने कहा कि अहंकार, दुर्व्यवहार, एजेंसी पॉलिटिक्स के खिलाफ लोगों ने वोट टू नो बीजेपी आह्वान किया। मैं कर्नाटक की जनता, मतदाताओं को सैल्यूट करती हूं और कांग्रेस पार्टी को जीत की बधाई देती हूं। अब छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के चुनाव हैं यहां भी बीजेपी को शिकस्त मिलेगी।

कांग्रेस नेता केसी वेणूगोपाल ने कहा कि यह एक स्पष्ट संदेश है, हम कर्नाटक के गरीब लोगों के साथ खड़े थे वे(BJP) कर्नाटक के अमीरों के साथ थे। गरीबों ने इस चुनाव को जीत लिया। यह परिणाम 2024 के लिए मील का पत्थर है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि कर्नाटक की जनता का जो निर्णय है हम उसको स्वीकार करते हैं। हम विभिन्न स्तरों पर अपनी कमियों को देखेंगे, उन्हें ठीक करेंगे और इसे पुनर्गठित कर लोकसभा चुनाव में वापसी करेंगे।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बीजेपी ने बजरंग दल को बजरंग बली बनाया था लेकिन साधारण इंसान बजरंग बली का मुकाबला नहीं कर सकता। आज कर्नाटक में जो नतीजा आया हैं उससे भ्रष्टाचारियों के सिर पर बजरंग बली का गदा पड़ा है। ये प्रधानमंत्री मोदी की हार है।

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि आज जो कांग्रेस की निर्णायक जीत है वह पीएम मोदी की निर्णायक हार है। प्रधानमंत्री के अलावा प्रचार में और किसी का चेहरा नहीं दिखा। नड्डा जी ने कहा कि अगर आप कांग्रेस को वोट देंगे तो पीएम का आशीर्वाद नहीं मिलेगा। पीएम खुद डबल इंजन की बात करते रहे, जिसे जनता ने नकार दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आने वाले दिनों में भी जहां-जहां राज्यों के चुनाव होंगे वहां हम कर्नाटक की तरह चुनाव जीतने के लिए पूरा प्रयास करेंगे...यहां (कर्नाटक) के विधायकों की बैठक होगी, (मुख्यमंत्री के नाम पर) सभी की जो सहमति बनेगी उसे हाईकमान के सामने रखा जाएगा। हाईकमान अंतिम फैसला लेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत जनता की जीत है। जनता ने एक भ्रष्ट सरकार को हराया है। हमें आगे बहुत कुछ करना है। हमें वादे निभाने हैं, हमारी 5 गारंटी हम पूरी करेंगे।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा ने कहा कि हार-जीत बीजेपी के लिए बड़ी बात नहीं है। 2 सीट से शुरुआत कर भाजपा आज सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। कार्यकर्ताओं को दुखी होने की जरूरत नहीं है। हम अपने हार पर पुनर्विचार करेंगे। हम जनता के फैसले का सम्मान करते हैं और हमें वोट करने के लिए हम जनता का धन्यवाद करते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।