Today's News Highlight: 'आज पूरा विश्व भारत में अपना मित्र खोज रहा है', संसद में बोले पीएम मोदी | Moneycontrol Hindi

लाइव ब्लॉग

SEPTEMBER 18, 2023/ 7:30 PM

Today's News Highlight: 'आज पूरा विश्व भारत में अपना मित्र खोज रहा है', संसद में बोले पीएम मोदी

Today's News Highlight: पीएम मोदी ने कहा कि ये सत्र ऐतिहासिक निर्णयों का सत्र है। साथ ही पीएम मोदी ने विपक्षी सांसदों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि संसद का ये सत्र भले ही छोटा है, लेकिन यह ऐतिहासिक निर्णयों का सत्र है। लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी में हाल ही में सम्पन्न G-20 शिखर सम्मेलन की सफलता का श्रेय देश की समस्त जनता को देते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति या किसी एक पार्टी की सफलता नहीं है

Story continues below Advertisement

Today's News Highlight: संसद का 5 दिवसीय सत्र आज यानी सोमवार (18 सितंबर) से शुरू हो चुका है। सरकारी एजेंडे के अनुसार, इस दौरा कुल 8 विधेयक पेश किए जाएंगे। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति संबंधी विधेयक प्रमुख है। लोकसभा में महिलाओं को आरक्षण देने वाला विधेयक (Women Reservation Bill In Lok Sabha) भी पेश किया जा सकता है।

 

PARLIAMENT SPECIAL SESSION LIVE: लोकसभा में पीएम मोदी ने कहा कि आज चारों तरफ भारतवासियों की उपलब्धि की चर्चा गौरव के साथ हो रही है।
SEPTEMBER 18, 20237:12 PM IST

Parliament Special Session Live: केंद्रीय कैबिनेट की बैठक शुरू

संसद के विशेष सत्र के बीच केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक शुरू हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में एक बैठक संसद भवन में चल रही है। इस बैठक में कई अहम फैसले लिए जाने की संभावना है। आज से संसद का विशेष सत्र शुरू हो चुका है। पीएम मोदी ने विशेष सत्र से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि ये सत्र ऐतिहासिक निर्णयों का है

SEPTEMBER 18, 20236:55 PM IST

Parliament Special Session Live: नोएडा में 5 दिन बंद रहेंगे सभी स्कूल

राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में 21 से 25 सितंबर तक सभी स्कूल-कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। ग्रेटर नोएडा के एक्सपो सेंटर में आयोजित होने वाले इंटरनेशनल ट्रेड शो के कारण नोएडा में स्कूल 5 दिनों के लिए बंद रहेंगे। स्कूलों ने अभिभावकों को सर्कुलर भेजकर बंद की जानकारी दी है। कुछ स्कूलों ने उल्लेख किया है कि वे इस दौरान ऑनलाइन क्लासेस संचालित करेंगे। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन ग्रेटर नोएडा एक्सपो मार्ट में 21 से 25 सितंबर तक किया जाएगा...

SEPTEMBER 18, 20236:45 PM IST

Parliament Special Session Live: पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने पहली बार कार्यवाही का लाइव प्रसारण किया

पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को नए चीफ जस्टिस काजी फैज इसा के कार्यकाल के पहले दिन मामलों की सुनवाई का सीधा प्रसारण शुरू किया। जस्टिस उमर अता बंदियाल के रिटायरमेंट के बाद 63 वर्षीय जस्टिस इसा ने रविवार को पाकिस्तान के 29वें चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ली। जस्टिस इसा का कार्यकाल 13 महीने का होगा, जो 25 अक्टूबर 2024 को समाप्त होगा।

SEPTEMBER 18, 20236:21 PM IST

Parliament Special Session Live: 19 सितंबर से नए संसद में शुरू होगी कार्यवाही

लोकसभा की कार्यवाही 19 सितंबर की दोपहर 1:15 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। साथ ही राज्यसभा की बैठक भी 19 सितंबर दोपहर 2:15 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है। 19 सितंबर से दोनों सदनों की कार्यवाही अब नए संसद भवन में शुरू होगी। संसद के विशेष सत्र के बीच थोड़ी देर में केंद्रीय कैबिनेट की एक अहम बैठक होने वाली है। करीब 6:30 बजे केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होने की संभावना है।

SEPTEMBER 18, 20236:05 PM IST

Parliament Special Session Live: समय से पहले राष्ट्रगान की धुन बजने पर लोकसभा में हंगामा

लोकसभा में सोमवार को समय से पहले राष्ट्रगान की धुन बजने पर विपक्षी दलों के कुछ सदस्यों ने विरोध जताया और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से हस्तक्षेप की मांग की। लोकसभा अध्यक्ष ने इसे तकनीकी चूक बताते हुए जांच कराने की बात कही। दरअसल, लोकसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही शुरू होते समय अध्यक्ष बिरला के आसन ग्रहण करने से पहले ध्वनि यंत्रों से राष्ट्रगान की धुन सुनाई देने लगी। इस चूक पर ध्यान जाते ही राष्ट्रगान की धुन को बजाना बंद कर दिया गया।

संसद के किसी भी सत्र के पहले दिन राष्ट्रगान 'जन गण मन' की धुन के साथ बैठक शुरू होती है। कांग्रेस नेता गौरव गोगोई और बहुजन समाज पार्टी के दानिश अली समेत कुछ सदस्यों को लोकसभा अध्यक्ष के सदन में पहुंचने से पहले राष्ट्रगान की धुन बजने पर विरोध जताते हुए देखा गया। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों को शांत करने का प्रयास करते हुए कहा कि यह इलेक्ट्रॉनिक तकनीकी चूक है और वह इसकी जांच कराएंगे।

SEPTEMBER 18, 20235:13 PM IST

Aditya L1 Mission News Live: अब जल्द खुलेंगे सूर्य के सारे राज

सूर्य का अध्ययन करने के लिए अंतरिक्ष में भेजे गए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के पहले स्पेस मिशन आदित्य एल1 (Aditya L-1) ने बड़ी खुशखबरी दी है। इसरो के मुताबिक, आदित्य-एल1 ने सूर्य का निरीक्षण करने के लिए वैज्ञानिक डेटा एकत्र करना शुरू कर दिया है। इसरो ने कहा कि सुप्रा थर्मल एंड एनर्जेटिक पार्टिकल स्पेक्ट्रोमीटर (STEPS) उपकरण के सेंसर ने वैज्ञानिक डेटा कलेक्ट करना शुरू कर दिया है। यह सेंसर आदित्य सोलर विंड पार्टिकल एक्सपेरिमेंट (ASPEX) पेलोड का एक हिस्सा है।

SEPTEMBER 18, 20234:30 PM IST

Latest News Live: AIADMK ने BJP के साथ अपना गठबंधन खत्म किया

केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दक्षिण भारत में बड़ा झटका लगा है। AIADMK ने BJP के साथ अपना गठबंधन खत्म कर लिया है। AIADMK ने सोमवार को औपचारिक रूप से कहा कि BJP अब गठबंधन में नहीं है। बता दें कि तमिलनाडु में राजनीति सत्तारूढ़ DMK और AIADMK के बीच घूमती है। DMK अभी कांग्रेस के साथ है।

SEPTEMBER 18, 20234:15 PM IST

Latest News Live: झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को सुप्रीम कोर्ट से झटका

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े कथित मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से जारी समन के खिलाफ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया। शीर्ष अदालत ने सीएम से इस मामले में झारखंड हाई कोर्ट जाने को कहा है। BJP सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। ED उनसे पूछताछ कर उनका पक्ष जानना चाहती है। लेकिन हेमंत सोरेन ED का सामना नहीं करना चाहते... इसको लेकर वे सुप्रीम कोर्ट में गए और उनकी याचिका खारिज हुई है। अब उनको पूछताछ में सहयोग करना पड़ेगा... वे ED से भाग रहे हैं जिससे महसूस होता है कि वे भ्रष्टाचार का संरक्षण, समर्थन करने वालों में से हैं।

SEPTEMBER 18, 20233:45 PM IST

Parliament Special Session Live: शरद पवार की बेटी ने की पीएम मोदी की तारीफ

संसद के विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में बोलते हुए NCP प्रमुख शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण की जमकर तारीफ की, जिसे लेकर एक नया सियासी भूचाल आ गया है। सुप्रिया सुले ने कहा कि मैं आज प्रधानमंत्री के भाषण की सराहना करती हूं जहां उन्होंने सराहना की कि शासन निरंतरता है। इस देश के निर्माण में पिछले 7 दशकों में विभिन्न लोगों ने योगदान दिया है, जिसे हम सभी समान रूप से प्यार करते हैं।

उन्होंने कहा कि चाहे आप इसे इंडिया कहें या भारत, यह आपका अपना देश है। हम सभी यहीं पैदा हुए हैं, हम सभी यहां आकर धन्य हैं...मैं उन दो लोगों को रिकॉर्ड पर रखना चाहूंगी जिनका आज भाजपा ने उल्लेख नहीं किया है, जिनसे मैं अपने संसदीय कार्यों में अत्यधिक प्रभावित रही हूं, जो भाजपा से आते हैं। मुझे अब भी लगता है कि वे सबसे बड़े नेताओं में से एक थे और असाधारण सांसद थे जिनका हम आदर करते थे- सुषमा स्वराज और अरुण जेटली। वे लगातार सहकारी संघवाद की बात करते रहे।

SEPTEMBER 18, 20233:13 PM IST

Parliament Special Session Live: संसद के विशेष सत्र के बीच पीएम मोदी ने बुलाई कैबिनेट की अहम बैठक

संसद के विशेष सत्र के बीच केंद्रीय कैबिनेट की आज शाम अहम बैठक होगी। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होने की संभावना है। बता दें कि आज से संसद का विशेष सत्र शुरू हो चुका है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में संबोधित किया। इसके अलावा उन्होंने विशेष सत्र से पहले मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने चंद्रयान- 3 और G-20 समिट की सफलता का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि ये सत्र छोटा जरूर है, लेकिन समय के हिसाब से बहुत मूल्यवान है। पीएम ने कहा कि ये सत्र ऐतिहासिक निर्णयों का है।

SEPTEMBER 18, 20232:47 PM IST

Nipah Virus Live: कई देशों में फैला निपाह वायरस

निपाह वायरस का कहर दुनिया के कई देशों में बढ़ता जा रहा है। भारत, मलेशिया, सिंगापुर, बांग्लादेश और फिलीपींस निपाह वायरस दस्तक दे चुका है। बताया जा रहा है कि निपाह वायरस कोरोना से भी ज्यादा जानलेवा है। इसकी मृत्यु दर 40-70 फीसदी है। कोरोना वायरस की तरह निपाह भी तेजी से फैल रहा है। पढ़िए पूरी खबर विस्तार से.....

SEPTEMBER 18, 20232:30 PM IST

Latest News Live हिमाचल में राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कहा कि मैं सभी CWC के सदस्यों का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने एक प्रस्ताव पारित करके केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि हिमाचल प्रदेश की आपदा जिसे हिमाचल सरकार ने राज्य आपदा घोषित किया है उसे राष्ट्रीय आपदा घोषित की जाए। वहीं, हिमाचल प्रदेश में आपदा के मुद्दे पर विधानसभा में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि आज विधायक दल की बैठक में हमने चर्चा की है और निर्णय लिया है कि ये इतना महत्वपूर्ण विषय है, जिस पर तुरंत चर्चा होनी चाहिए। इसलिए हमने स्थगन प्रस्ताव दे दिया है।

SEPTEMBER 18, 20231:58 PM IST

Latest News Live: अनंतनाग में आतंकियों के खिलाफ छठे दिन भी अभियान जारी

जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के घने वन क्षेत्र से आतंकवादियों का सफाया करने का अभियान आज छठे दिन भी जारी है। आतंकियों को पकड़ने के लिए ड्रोन और हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है। अनंतनाग में हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल के तीन अधिकारी और एक अन्य जवान शहीद हो गए थे। इस बीच, जिस पहाड़ी जंगली इलाके में मुठभेड़ चल रही है, वहां से सुरक्षा बलों ने एक जला हुआ शव बरामद किया है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। 13 सितंबर को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी।

SEPTEMBER 18, 20231:30 PM IST

Parliament Special Session Live: 'अगर मजबूत विपक्ष नहीं है तो यह ठीक नहीं है'

संसद के विशेष सत्र में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि नेहरू जी का मानना था कि मजबूत विपक्ष की अनुपस्थिति का अर्थ है कि व्यवस्था में महत्वपूर्ण खामियां हैं। अगर मजबूत विपक्ष नहीं है तो यह ठीक नहीं है। अब जब एक मजबूत विपक्ष है, तो ED, CBI के माध्यम से इसे कमजोर करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है...उन्हें (अपनी पार्टी में) ले जाओ, उन्हें वॉशिंग मशीन में डाल दो और जब वे पूरी तरह साफ होकर बाहर आ जाएं तो उन्हें (अपनी पार्टी में) स्थायी कर दो। आप देख सकते हैं कि आज क्या हो रहा है। पीएम संसद में कम ही आते हैं और जब आते हैं तो इसे इवेंट बनाकर चले जाते हैं।

SEPTEMBER 18, 20231:09 PM IST

Parliament Special Session Live: विपक्ष का सरकार पर पलटवार

संसद के विशेष सत्र के दौरान पीएम मोदी के बाद कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान कहा कि आज इस (पुराने) संसद भवन से बाहर निकलना हम सभी के लिए वास्तव में एक भावनात्मक क्षण है। हम सभी अपनी पुरानी इमारत को अलविदा कहने के लिए यहां मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि संसदीय लोकतंत्र कई गुणों की मांग करता है, यह क्षमता, कार्य के प्रति समर्पण और आत्म-अनुशासन की मांग करता है। हालांकि उन्हें (पंडित नेहरू) संसद में भारी बहुमत प्राप्त था, लेकिन वह विपक्ष की आवाज सुनने में अथक थे और कभी भी उनका मजाक नहीं उड़ाया या प्रश्नों का उत्तर देते समय ध्यान भटक जाता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यहां तक कि जवाहरलाल नेहरू जब संसद में भाषण देते समय अपनी समय सीमा पार कर जाते थे तो उनके लिए स्पीकर की घंटी बजती थी, इससे पता चलता है कि कोई भी संसद के अपमान से परे नहीं है, यह भारत के संसदीय लोकतंत्र के विकास में नेहरू का योगदान था।

SEPTEMBER 18, 202312:36 PM IST

Parliament Special Session Live: पीएम मोदी ने 370 और GST का किया जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान सांसदों के लिए यह विशेष सौभाग्य का विषय है और वह इसलिए क्योंकि हमें इतिहास और भविष्य दोनों की कड़ी का हिस्सा होने का अवसर मिला है। हम नए संसद में जाएंगे तो एक नए विश्वास के साथ जाएंगे। मैं सभी सदस्यों व अन्य के द्वारा दिए गए अपने योगदान के लिए धन्यवाद करता हूं। उन्होंने कहा कि अनेक ऐतिहासिक निर्णय और दशकों से लंबित विषय का स्थाई समाधान भी इसी सदन में हुआ। अनुच्छेद 370 भी इसी सदन में हुआ। वन रैंक वन पेंशन, वन नेशन वन टैक्स, GST का निर्णय, गरीबों के लिए 10% आरक्षण भी इसी सदन में हुआ।

SEPTEMBER 18, 202312:19 PM IST

Parliament Special Session Live: पीएम मोदी ने सभी सदस्यों का दिया धन्यवाद

संसद के विशेष सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वर्तमान सांसदों के लिए यह विशेष सौभाग्य का विषय है और वह इसलिए क्योंकि हमें इतिहास और भविष्य दोनों की कड़ी का हिस्सा होने का अवसर मिला है। हम नए संसद में जाएंगे तो एक नए विश्वास के साथ जाएंगे। मैं सभी सदस्यों व अन्य के द्वारा दिए गए अपने योगदान के लिए धन्यवाद करता हूं।

SEPTEMBER 18, 202312:07 PM IST

Parliament Special Session Live: 'संसद के लिए जिन्होंने सीने पर गोलियां झेलीं उन्हें नमन'

लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने संसद पर हुए आतंकी हमले का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि आतंकियों से लड़ते-लड़ते सदन और सदन के सदस्यों को बचाने के लिए जिन्होंने अपने सीने पर गोलियां झेलीं, आज मैं उनको भी नमन करता हूं। वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उन्होंने बहुत बड़ी रक्षा की है।

SEPTEMBER 18, 202312:03 PM IST

Parliament Special Session Live: 'शुरू में महिलाओं की संख्या कम थी, लेकिन...'

लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि शुरू में यहां महिलाओं की संख्या कम थी। लेकिन धीरे-धीरे माताओं, बहनों ने भी इस सदन की गरिमा को बढ़ाया है। पीएम मोदी ने कहा कि करीब-करीब 7,500 से अधिक जनप्रतिनिधि अबतक दोनों सदनों में अपना योगदान दे चुके हैं। इस कालखंड में करीब 600 महिला सांसदों ने दोनों सदनों की गरिमा को बढ़ाया है।

SEPTEMBER 18, 202312:00 PM IST

Parliament Special Session Live: पीएम मोदी ने पत्रकारों का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि जब आज हम इस सदन को छोड़ रहे हैं तब उन पत्रकार मित्रों को भी याद करना चाहता हूं जो संसद की रिपोर्टिंग करते रहे। उन्होंने कहा कि कुछ तो ऐसे रहे जिन्होंने पूरी जिदंगी संसद को रिपोर्ट किया है। पहले यह तकनीक उपलब्‍ध नहीं थी, तब वही लोग थे। उनका सामर्थ्‍य था कि वे अंदर की खबर पहुंचाते थे और अंदर के अंदर की भी (खबर) पहुंचाते थे। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मैं पहली बार जब संसद का सदस्य बना और पहली बार एक सांसद के रूप में इस भवन में जब मैंने प्रवेश किया तो सहज रूप से इस सदन के द्वार पर अपना शीश झुकाकर अपना पहला कदम रखा था वह पल मेरे लिए भावनाओं से भरा हुआ था। मैं कभी सोच भी नहीं सकता था कि रेलवे प्लेटफॉर्म पर रहने वाला एक गरीब परिवार का बच्चा कभी संसद में प्रवेश कर पाएगा। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे लोगों से इतना प्यार मिलेगा।

SEPTEMBER 18, 202311:39 AM IST

Parliament Special Session Live: 'गौरव के साथ हो रही है भारतवासियों की चर्चा'

लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि अमृतकाल की प्रथम प्रभा का प्रकाश, राष्ट्र में एक नया विश्वास, नया आत्मविश्वास, नई उमंग, नए सपनें, नए संकल्प और राष्ट्र का नया सामर्थ्य उसे भर रहा है। आज चारों तरफ भारतवासियों की उपलब्धि की चर्चा गौरव के साथ हो रही है।

SEPTEMBER 18, 202311:34 AM IST

Parliament Special Session Live: 'G-20 समिट से देश का गौरव बढ़ा'

लोकसभा में पीएम मोदी ने कहा कि G-20 समिट से देश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि देश की 75 वर्षों की संसदीय यात्रा का पुनः स्मरण करने के लिए और नए सदन में जाने से पहले, उन प्रेरक पलों को, इतिहास की महत्वपूर्ण घड़ी को याद करते हुए आगे बढ़ने का ये अवसर है। पीएम मोदी ने कहा कि ये सही है कि इस इमारत के निर्माण का निर्णय विदेशी शासकों का था। लेकिन ये बात हम कभी नहीं भूल सकते हैं कि इस भवन के निर्माण में परिश्रम, पसीना और पैसा मेरे देशवासियों के लगा था।

SEPTEMBER 18, 202311:27 AM IST

Parliament Special Session Live: 'हम सब इस ऐतिहासिक भवन से विदा ले रहे हैं'

संसद के विशेष सत्र के पहले दिन लोकसभा में पीएम मोदी ने कहा कि देश की 75 वर्षों की संसदीय यात्रा इसका एक बार पुनः स्मरण करने के लिए और नए सदन में जाने से पहले उन प्रेरक पलों को, इतिहास की महत्वपूर्ण घड़ी को स्मरण करते हुए आगे बढ़ने का यह अवसर है। पीएम मोदी ने कहा कि हम सब इस ऐतिहासिक भवन से विदा ले रहे हैं। आजादी के पहले यह सदन इंपीरियल लेजिस्लेटिव काउंसिल का स्थान हुआ करता था। आजादी के बाद इसे संसद भवन के रूप में पहचान मिली।

SEPTEMBER 18, 202311:24 AM IST

Parliament Special Session Live: 'पुराना संसद नई पीढ़ी को प्रेरणा देता रहेगा', लोकसभा में बोले पीएम मोदी

संसद का पांच दिवसीय विशेष सत्र शुरू हो चुका है। लोकसभा में पीएम मोदी संबोधित कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज हम ऐतिहासिक भवन से विदा ले रहे हैं। पुराने या नए संसद भवन में हमारे मजदूरों का ही पसीना बहा है। उन्होंने कहा कि पुराना संसद नई पीढ़ी को प्रेरणा देता रहेगा।

SEPTEMBER 18, 202311:18 AM IST

Parliament Special Session Live: संसद का 5 दिवसीय विशेष सत्र शुरू

संसद का पांच दिवसीय विशेष सत्र शुरू हो चुका है। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया। अब से थोड़ी देर में प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा को संबोधित करेंगे। संसद के दोनों सदनों में आज 75 साल की संसदीय यात्रा पर एक साथ चर्चा होगी। 19 सितंबर से विशेष सत्र का शेष हिस्सा नए संसद भवन में शिफ्ट हो जाएगा।

SEPTEMBER 18, 202310:59 AM IST

Parliament Special Session Live: पीएम मोदी ने विपक्ष पर कसा तंज

पीएम मोदी ने संसद का विशेष सत्र शुरू होने से पहले मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 और G-20 समिट की सफलता का जिक्र करते हुए विपक्ष पर तंज भी कसा। पीएम मोदी ने सभी सांसदों से संसद की चर्चा में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि 'रोने-धोने के लिए बहुत समय होता है, करते रहिए... जीवन में कुछ पल ऐसे भी होते हैं जो उमंग से भर देते है, विश्‍वास से भर देते हैं। मैं इस छोटे सत्र को उस रूप में देखता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि ये सही है कि संसद का ये सत्र छोटा है लेकिन समय के हिसाब से ये बहुत बड़ा है। ऐतिहासिक निर्णयों का ये सत्र है।

SEPTEMBER 18, 202310:40 AM IST

Parliament Special Session Live: पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 और G-20 का किया जिक्र

संसद के विशेष सत्र से पहले पत्रकारों से बातचीत में पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 और जी20 शिखर सम्‍मेलन की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि भारत का सामर्थ्‍य पूरी दुनिया ने देखा। पीएम ने कहा कि मून मिशन की सफलता चंद्रयान-3, हमारा तिरंगा फहरा रहा है। शिव शक्ति प्वाइंट नई प्रेरणा का केंद्र बना है। तिरंगा प्वाइंट हमें गर्व से भर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि जी-20 में भारत इस बात के लिए हमेशा गर्व करेगा कि हम ग्लोबल साउथ की आवाज बनें। अफ्रीकन यूनियन को स्थायी सदस्यता और जी-20 में सर्वसम्मति से डिक्लेरेशन ये सारी बातें भारत के उज्ज्वल भविष्य के संकेत दे रही हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह सत्र छोटा है मगर समय के हिसाब से यह बहुत बड़ा है। यह ऐतिहासिक निर्णयों का यह सत्र है।

SEPTEMBER 18, 202310:34 AM IST

Parliament Special Session Live: 'ये ऐतिहासिक निर्णयों का सत्र है'

विशेष सत्र से पहले संसद के बाहर पत्रकारों से बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि ये सत्र ऐतिहासिक निर्णयों का सत्र है। पीएम मोदी ने विपक्षी सांसदों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि ये सत्र ऐतिहासिक रूप से बहुत बड़ा सत्र है। पीएम मोदी ने कहा कि ये सत्र भले ही छोटा है, लेकिन समय के हिसाब से बहुत ही मुल्यवान है।

SEPTEMBER 18, 202310:16 AM IST

Parliament Special Session Live: ड्रेस कोड पर विवाद

इस सत्र के दौरान संसद के कई विभागों के कर्मचारी भी नई वर्दी में दिखाई दे सकते हैं। संसद के कर्मचारियों के एक वर्ग के लिए फूल की आकृति वाले नए ड्रेस कोड ने पहले ही एक राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने इसे सत्तारूढ़ पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘कमल’ के फूल को प्रचारित करने की एक सस्ती रणनीति करार दिया है। बता दें कि नए संसद भवन का कामकाज सुरू होने पर मार्शलों, सुरक्षा कर्मचारियों और अधिकारियों, ड्राइवरों को एक नई वर्दी जारी की गई है।

SEPTEMBER 18, 20239:50 AM IST

Parliament Special Session Live: आज लोकसभा में बोल सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी

संसद के विशेष सत्र में पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोल सकते हैं। न्‍यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी कि पीएम आज लोकसभा में बोल सकते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी लोकसभा में 11 बजे स्पीच देंगे। सरकार ने कुछ विधेयकों को सूचीबद्ध किया है और विशेष सत्र के लिए भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने को अपने एजेंडे के रूप में पहचान की है। उधर विपक्ष संतुष्ट नहीं दिख रहा है। विशेष सत्र में भी हंगामा जारी रह सकता है।

SEPTEMBER 18, 20239:30 AM IST

Parliament Special Session Live: पहली बार सत्र में कोई प्रश्नकाल या शून्यकाल नहीं होगा

संसद के विशेष सत्र पर कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि हमारी संसदीय परंपरा और प्रक्रिया में कहा गया है कि सदस्यों को विधेयक का मसौदा और सरकारी कामकाज दिखाया जाना चाहिए। जब कोई विशेष सत्र बुलाया जा रहा हो तो सदस्यों को कामकाज के बारे में पहले से बताया जाना चाहिए। यह पहली बार है इस बार इस सत्र में कोई प्रश्नकाल या शून्यकाल नहीं होगा।

SEPTEMBER 18, 20239:14 AM IST

Parliament Special Session Live: ये बिल हैं संसद के विशेष सत्र का एजेंडा

संसद के विशेष सत्र के एजेंडे के तौर पर चार बिल की बात कही है। जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन से जुड़ा बिल, अधिवक्ता संशोधन बिल, पोस्ट ऑफिस बिल, प्रेस एंड रजिस्ट्रेशन ऑफ पीरियोडिकल बिल शामिल हैं। सरकार की ओर से सभी कैबिनेट मंत्रियों, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और राज्यमंत्रियों को विशेष सत्र के पांच दिन सदन की पूरी कार्यवाही के दौरान पूरे समय मौजूद रहने का निर्देश दिए गए हैं।

SEPTEMBER 18, 20238:48 AM IST

Parliament Special Session Live: कांग्रेस में हर धर्म का सम्‍मान: थरूर

संसद के विशेष सत्र पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 9 बिंदु बताते हुए पत्र लिखा था। लेकिन कोई जवाब नहीं आया है। सनातन धर्म पर उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी 'सर्व धर्म सम भाव' में विश्वास रखती है। हम हर धर्म का सम्मान करते हैं।

SEPTEMBER 18, 20238:30 AM IST

Parliament Special Session Live: लोकसभा में पीएम मोदी चर्चा की कर सकते हैं शुरुआत

लोकसभा और राज्यसभा में 75 साल की संसदीय यात्रा पर आज सुबह 11 बजे से चर्चा की शुरुआत होगी। पीएम मोदी लोकसभा में और पीयूष गोयल राज्यसभा में चर्चा की शुरुआत कर सकते हैं। अगले दिन 19 सितंबर की सुबह 11 बजे पुराने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में लोकसभा और राज्यसभा सांसद एकत्र होंगे। पुराने संसद के सेंट्रल हॉल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

SEPTEMBER 18, 20238:14 AM IST

Parliament Special Session Live: जानिए आज पहले दिन क्या होगा?

आज सत्र के पहले दिन राज्यसभा में 75 सालों की संसदीय यात्रा, उपलब्धियां, अनुभव, यादों और सीख पर चर्चा होगी। सत्र के पहले दिन की कार्यवाही पुरानी संसद में ही होगी। इसके बाद 19 सितंबर को नई संसद में कामकाज शुरू हो जाएगा। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, पहले दिन सत्र पुराने संसद भवन में चलेगा। अगले दिन यानी 19 सितंबर को पुराने संसद में फोटो सेशन होगा। फिर 11 बजे सेंट्रल हॉल में एक समारोह होगा। उसके बाद हम नई संसद में प्रवेश करेंगे। नई संसद में 19 को संसद का सत्र चलेगा और 20 से नियमित सरकारी कामकाज होगा। कुल 8 विधेयकों को विचार और पारित करने के लिए सूचीबद्ध किया गया है।

SEPTEMBER 18, 20237:54 AM IST

Parliament Special Session Live: 5 दिन का विशेष सत्र आज से शुरू

संसद का आज से विशेष सत्र शुरू हो रहा है। संसद के विशेष सत्र में एक देश एक चुनाव, महिला आरक्षण, समान नागरिक संहिता सहित कई संविधान संशोधन समेत बिल पेश होने की संभावना जताई जा रही है। जिस पर हंगामा हो सकता है। ये सत्र पांच दिन यानी 18 सितंबर से 18 सितंबर से 22 सितंबर तक चलेगा। इसमें 5 बैठकें होनी है। इससे पहले रविवार को उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने नए भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।