Latest News LIVE: BSP अकेले लड़ेगी लोकसभा और विधानसभा चुनाव
बहुजन समाज पार्टी (BSP) के विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. में शामिल होने की खबरों को पूरी तरह खारिज करते हुए पार्टी सुप्रीमो मायावती ने साफ कह दिया है कि वह आगामी चार राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के विधानसभा चुनाव एवं अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 के लिए किसी भी गठबंधन में भी शामिल नहीं होंगी। उन्होंने कहा है कि BSP अकेले ही लोकसभा और विधानसभा का चुनाव लड़ेगी।
BSP प्रमुख मायावती ने कहा कि NDA और I.N.D.I.A. गठबंधन अधिकतर गरीब-विरोधी जातिवादी, साम्प्रदायिक, धन्नासेठ-समर्थक एवं पूंजीवादी नीतियों वाली पार्टियां हैं। उन्होंने कहा कि इनकी नीतियों के विरुद्ध बीएसपी अनवरत संघर्षरत है। इसीलिए इनसे गठबंधन करके चुनाव लड़ने का सवाल ही पैदा नहीं होता। यूपी की पूर्व सीएम ने मीडिया से फेक न्यूज नहीं चलाने की अपील की है। बता दें कि 31 अगस्त और 1 सितंबर को इंडिया गठबंधन की बैठक मुंबई में होने जा रही है। बीते कुछ समय से ये सवाल पूछा जा रहा था कि मायावती आने वाले आम चुनावों में किस गठबंधन के साथ जाएंगी?