मैसूर में Infosys कैंपस में एक तेंदुआ देखा गया, जिसके बाद कंपनी को 31 दिसंबर को कर्मचारियों के लिए घर से काम करने की व्यवस्था लागू करनी पड़ी। इंफोसिस HR डिपार्टमेंट ने इंटरनल मेल के जरिए कर्मचारियों को बताया, "डियर इंफोसियन, आज मैसूरु डीसी कैंपस में एक जंगली जानवर देखा गया है। टास्क फोर्स के सहयोग से परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास चल रहे हैं। आपसे अनुरोध है कि आज (31 दिसंबर) घर से काम करें। सुरक्षा टीम को निर्देश दिया गया है कि परिसर के अंदर किसी को भी आने की अनुमति न दी जाए।"
इंफोसिस के किसी भी अधिकारी की ओर से इस घटनाक्रम पर कोई बयान नहीं आया है। वन विभाग के अधिकारियों ने CCTV फुटेज के जरिए पुष्टि की कि 150 एकड़ के परिसर में एक तेंदुआ देखा गया था। जानवर को ट्रैक करने और पकड़ने के लिए एक टास्क फोर्स तैनात की गई है। ये खबर लिखे जाने तक जानवर पकड़ा नहीं गया।
कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (वाइल्ड लाइफ), आईबी प्रभु गौड़ा ने Moneycontrol को बताया, "मंगलवार को सुबह लगभग 2 बजे CCTV कैमरे में एक तेंदुए को देखा गया। हमारी टीम लगभग 4 बजे घटनास्थल पर पहुंची। हमने उसका पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।"
हेब्बाल इंडस्ट्रियल एरिया के पास इंफोसिस कैंपस, रिजर्व फॉरेस्ट के करीब है। ये इलाका ऐतिहासिक रूप से तेंदुओं का घर रहा है, इस वजह से यहां कभी-कभार तेंदुए देखे जाते रहते हैं। अधिकारियों को शक है कि खाने की तलाश में तेंदुआ रिजर्व फॉरेस्टस में अपने ठिकाने से भटक गया होगा।
ट्रेनीज को एक दिन की छुट्टी
बेंगलुरु स्थित कंपनी के लगभग 4,000 ट्रेनी जो वर्तमान में मैसूर में इंफोसिस ग्लोबल एजुकेशन सेंटर में तैनात हैं, उन्हें आज घर के अंदर रहने के लिए कहा गया है।
नतीजतन, ट्रेनिंग, असेसमेंट और इंडक्शन जैसे फाउंडेशन प्रोग्राम बंद रहेंगे। ट्रेनिंग प्रोग्राम को एक दिन आगे बढ़ाया जाएगा।
इंफोसिस ट्रेनीज को भेजे गए एक इंटरनल मेल में कहा गया, "कृपया अपने हॉस्टल के कमरों में ही रहें और आज के इस दिन सेल्फ स्टडी करें।"
ट्रेनीज को अगली सूचना तक परिसर से बाहर न निकलने और अपने हॉस्टल के कमरों में ही रहने को कहा गया है। उन्हें यह भी बताया गया है कि सिक्योरिटी टीम अगले आदेश तक उनकी मूवमेंट पर भी रोक लगाएगी।