महाराष्ट्र और पंजाब समेत देश के कई राज्यों में कोरोना वायरस के नए मामलों में तेजी देखी जा रही है। इस बीच, कोरोना के मामलों में भारी वृद्धि के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार ने बीड (Lockdown in Beed district of Maharashtra) जिले में 26 मार्च से 4 अप्रैल तक के लिए पूरी तरह से लॉकडाउन (Lockdown) का ऐलान किया है। बीड जिला कलेक्टर द्वारा जानलेवा कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन लगाने का आदेश जारी किया गया है।

लॉकडाउन के दौरान जिले में सभी मैरिज हॉल, होटल और रेस्तरां बंद रहेंगे। इसी तरह जिले के सभी स्कूल और कॉलेज भी इस दौरान बंद रहेंगे। इस अवधि के दौरान सभी निजी कार्यालय बंद रहेंगे और उनके कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए निर्देश दिया गया है। हालांकि, किराना, दूध और दवाओं जैसी आवश्यक वस्तुओं को बेचने वाली सभी दुकानों को इस लॉकडाउन के दौरान खोलने की छूट दी जाएगी।

बता दें कि नागपुर, मुंबई और पुणे के अलावा बीड जिले में भी बड़ी संख्या में बीते कुछ समय से कोरोना वायरस के मामले मिल रहे थे। इससे पहले नागपुर में भी प्रशासन ने 15 से 21 मार्च तक के लिए कंप्लीट लॉकडाउन किया था। महाराष्ट्र के कई जिलों में नाइट कर्फ्यू अब भी लागू है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों से कोरोना टेस्टिंग को बढ़ाने की बात कही है और पॉजिटिव आए लोगों का इलाज सुनिश्चित करने को कहा है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।