Loksabha Elections 2024: पूर्व क्रिकेटर और पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। कहने का मतलब यह हुआ कि वह इस बार का लोकसभा चुनाव भी नहीं लड़ेंगे। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को चिट्ठी लिखी है। साथ ही गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) को धन्यवाद कहा है। दरअसल, गंभीर अब क्रिकेट पर ही फोकस करना चाहते हैं।
गौतम गंभीर 2019 में लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। वह वर्तमान में पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद हैं। भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनावों के लिए अपनी पहली सूची आज जारी कर सकती है।
गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया पर किया ऐलान
गंभीर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में राजनीति से अपने संन्यास की घोषणा की है। इसमें उन्होंने लिखा, 'मैंने माननीय पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से अनुरोध किया है कि वो मुझे मेरे राजनीतिक कर्तव्यों से मुक्त करें, ताकि मैं अपने क्रिकेट पर अपना फोकस बढ़ा सकूं। मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को हृदय से धन्यवाद देता हूं।' इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को टैग करते हुए लिखा कि मुझे लोगों की सेवा करने का अवसर देने के लिए, धन्यवाद। जय हिन्द।
गंभीर के पोस्ट से यह बात तो साफ हो गई है कि वह इस बार के आम चुनाव में नहीं उतरेंगे। बता दें कि भारत सरकार की ओर से गौतम गंभीर को साल 2008 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वहीं, 2019 में उन्हें पद्मश्री से भी नवाजा जा चुका है।
गंभीर का राजनीतिक करियर करीब 5 साल का रहा है। 22 मार्च 2019 को वह केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और रविशंकर प्रसाद की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए थे। उन्हें 2019 लोकसभा चुनाव में 696,158 वोट मिले थे। उन्होंने पूर्वी दिल्ली सीट पर कांग्रेस नेता अरविंदर सिंह लवली और आम आदमी पार्टी की आतिशी मार्लेना को हराया था। लवली को 3,04,934 और आतिशी को 2,19,328 वोट मिले थे।