आज कल के इस डिजिटल युग में बहुत से काम ऑनलाइन होने लगे हैं। लेकिन एक छोटी सी गलती भी कभी हवालात तो कभी लंबा झटका देती है। कुछ ऐसे ही महाराष्ट्र (Maharashtra) के नागपुर शहर (Nagpur City) में एक शख्स साइबर ठगी का शिकार हो गया। उसे बिजली बिल के नाम पर लाखों रुपये का चूना लग गया। दरअसल साइबर ठगों ने बिजली वितरण कंपनी के अधिकारी (electricity distribution company official) बनकर बिजली बिल अपडेट करने के लिए कहा। इसके बाद शख्स को 2.14 लाख रुपये की ठगी की गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित शख्स के मोबाइल पर एक मैसेज आया। जिसमें लिखा था कि अगर आपने अप्रैल तक अपना पेंडिंग बिल नहीं भरा तो बिजली का कनेक्शन काट दिया जाएगा। इस मैसेज में एक नंबर भी दिया गया था। यह नंबर महाराष्ट्र राज्य बिजली वितरण कंपनी लिमिटेड (Maharashtra State Electricity Distribution Company Limited - MSEDCL) का बताया गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित शख्स ने जब दिए गए नंबर पर फोन किया। तब दूसरी तरफ बैठे साइबर ठगों ने उसे अपने मोबाइल फोन पर रिमोट एक्सेस ऐप (remote access app) इंस्टॉल करने के लिए कहा। ऐप के डाउनलोड होने के बाद साइबर ठगों ने उसे पेमेंट करने के लिए कहा। पीड़ित शख्स यह सोच रहा था कि वो अपने बिजली बिल को अपडेट कर रहा है। इसके बाद उसने लिंक पर क्लिक किया। महज कुछ ही सेकंड में 2.14 लाख रुपये उसके बैंक अकाउंट से दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर हो गए।
ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित शख्स ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट (Information Technology Act) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कहा जा रहा है कि पीड़ित शख्स FDA में अन्न सुरक्षा अधिकारी है।