Get App

महाराष्ट्र में कोरोना के 24,136 नए मामले आए, 24 घंटे में 601 लोगों की मौत

मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,037 नए मामले सामने आए हैं, वहीं इस दौरान 1,427 लोग वायरस को मात देकर डिस्चार्ज हुए

MoneyControl Newsअपडेटेड May 26, 2021 पर 11:17 AM
महाराष्ट्र में कोरोना के 24,136 नए मामले आए, 24 घंटे में 601 लोगों की मौत

महाराष्ट्र (Maharashtra) में आज यानी मंगलवार को 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस (Covid-19) के 24,136 नए मामले आने से कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,626,155 हो गई। राज्य स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी बुलेटिन के मुताबिक, इस दौरान संक्रमण से 601 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब तक 90,349 लोगों की इस महामारी से जान जा चुकी है।

आज 24 घंटे के दौरान विभिन्न अस्पतालों से 36,176 और मरीजों को छुट्टी मिलने के साथ अब तक 52,18,768 लोग संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 3,14,368  है। वहीं, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आज कोरोना संक्रमण के 1,037 नए मामले सामने आए, जबकि इस दौरान 37 मरीजों की मौत हो गई।

वहीं, 24 घंटे में 1,427 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो गए। मुंबई में अब तक 6,55,425 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। शहर में फिलहाल 27,649 एक्टिव केस हैं। 14,708 लोगों की अब तक कोरोना से जान जा चुकी है। बता दें कि महाराष्ट्र के साथ मुंबई में भी महानगर में कोरोना के केसों की संख्‍या में लगातार कमी आ रही है। 

महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government) ने फैसला किया है कि अब उन 18 जिलों में होम आइसोलेशन (Home Isolation) की अनुमति नहीं दी जाएगी, जो कोविड-19 रेड जोन में हैं। जिला प्रशासन को इन जिलों में कोविड केयर सेंटरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्णय मंगलवार को राज्य सरकार और जिला अधिकारियों की बैठक के बाद लिया गया।

सरकार के इस फैसले से बाद यदि आप कोरोना पॉजिटिव पाए जाते हैं तो आपको अब घर में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी, कोविड मरीजों को क्वारंटीन सेंटर जाना होगा। सरकार द्वारा जारी नई गाइडलाइंस में कहा गया है कि राज्‍य के 18 जिलों में अब होम आइसोलेशन की सुविधा खत्‍म करने का फैसला लिया गया है। इन जिलों में मरीजों को क्‍वारंटीन सेंटर ही जाना होगा। यह नियम उन जिलों के लिए बनाया गया है, जहां पॉजिटिविटी रेट 10 प्रतिशत से अधिक है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें