Manipur Violence: गृह मंत्री अमित शाह ने 24 जून को बुलाई सर्वदलीय बैठक, हिंसा में अब तक 120 लोगों की मौत

मेइती समुदाय की ओर से अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा दिए जाने की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में 'आदिवासी एकजुटता मार्च' आयोजित किए जाने के बाद मणिपुर में हिंसक झड़पें हुईं हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, हिंसा में अब तक करीब 120 लोगों की जान गई है और 3,000 से अधिक घायल हुए हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने भी पिछले महीने चार दिनों के लिए मणिपुर का दौरा किया था

अपडेटेड Jun 22, 2023 पर 12:09 PM
Manipur Violence: हिंसा में अब तक करीब 120 लोगों की जान गई है और 3,000 से अधिक घायल हुए हैं

Manipur Violence: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिंसा प्रभावित मणिपुर की स्थिति पर चर्चा के लिए 24 जून को नयी दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने ट्वीट कर बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर की स्थिति पर चर्चा करने के लिए 24 जून को दोपहर तीन बजे नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा के बुधवार शाम गृह मंत्री से मुलाकात के बाद यह घोषणा की गई। शर्मा NEDA (नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस) के संयोजक भी हैं। शर्मा ने कुछ दिन पहले इंफाल का दौरा किया था और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और कई अन्य नेताओं से मुलाकात की थी।

120 लोगों की मौत

मेइती समुदाय की ओर से अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा दिए जाने की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में 'आदिवासी एकजुटता मार्च' आयोजित किए जाने के बाद मणिपुर में हिंसक झड़पें हुईं हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, हिंसा में अब तक करीब 120 लोगों की जान गई है और 3,000 से अधिक घायल हुए हैं। अमित शाह ने भी पिछले महीने चार दिनों के लिए मणिपुर का दौरा किया था और राज्य में शांति कायम करने के अपने प्रयासों के तहत विभिन्न वर्ग के लोगों से मुलाकात की थी।


ये भी पढ़ें- बाजरा केक, मकई का सलाद और भरवां मशरूम... व्हाइट हाउस का सामने आया मेन्यू, PM मोदी के डिनर में होंगी ये डिशेज

इससे पहले, मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के क्वाक्टा इलाके में बुधवार को एक पुलिया के पास खड़ी एसयूवी वाहन में विस्फोट होने से तीन लोग हो गए। सूत्रों ने बताया कि गाड़ी के अंदर रखा बम संभवत: चालक के उतर कर वहां से हट जाने के बाद फटा, तीनों व्यक्ति उस वाहन के पास खड़े थे और विस्फोट की चपेट में आने से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि तीनों को बिष्णुपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है।

सोनिया गांधी ने की शांति बहाली की अपील

कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने कहा है कि मणिपुर जातीय हिंसा के कारण पिछले 50 दिन से जल रहा है लेकिन उन्हें भरोसा है कि वहां के लोग जल्द ही भाईचारे और सौहार्द की अपनी परंपरा पर चलकर शांति बहाली की दिशा में कदम बढ़ाएंगे। पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने एक वीडियो संदेश में कहा कि लगभग 50 दिन से मणिपुर को एक बड़ी मानवीय त्रासदी का सामना करना पड़ रहा है। अभूतपूर्व हिंसा ने राज्य के आम लोगों के जीवन को तहस-नहस कर दिया है। इसमें हजारों परिवार उजड़ गए हैं, जिसने देश की अंतरात्मा पर गहरा जख्म लगा दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।