बाजरा केक, मकई का सलाद और भरवां मशरूम... व्हाइट हाउस का सामने आया मेन्यू, PM मोदी के डिनर में होंगी ये डिशेज

अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन ने खुद बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए व्हाइट हाउस में आयोजित डिनर में आमंत्रित 400 मेहमानों के लिए मेन्यू में मैरीनेट किया हुआ बाजरा, मकई का सलाद और भरवां मशरूम शामिल हैं। जिल बाइडेन ने बताया प्रधानमंत्री मोदी शाकाहारी हैं, इसलिए उन्होंने शाकाहारी व्यंजनों में माहिर शेफ नीना कर्टिस को व्हाइट हाउस के कर्मचारियों के साथ काम करने और एक शानदार शाकाहारी मेन्य तैयार करने के लिए कहा है

अपडेटेड Jun 22, 2023 पर 11:33 AM
PM Modi in USA: फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन ने खुद बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए आयोजित डिनर में क्या-क्या खास है

राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) और फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन (Jill Biden) के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi in USA) 21 से 24 जून तक तीन दिन की राजकीय अमेरिका की यात्रा पर हैं। गुरुवार शाम अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन उनके लिए स्टेट डिनर होस्ट करेंगे। व्हाइट हाउस में पीएम मोदी के सम्मान में स्पेशल डिनर का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए खास तैयारी की गई है। पीएम मोदी को परोसे जाने वाले व्यंजनों का मेन्यू भी सामने आ गया है। प्रधानमंत्री मोदी पूरी तरह से शाकाहारी हैं इसलिए उनके डिनर में इस बात का पूरा ख्याल रखा गया है। फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन ने स्टेट डिनर में पीएम मोदी के पसंदीदा बाजरे को शामिल किया है।

देखें पूरा मेन्यू

स्टेट डिनर में पीएम मोदी को नींबू-डिल दही सॉस, कुरकुरा बाजरा केक, समर स्क्वाश, मसालेदार बाजरा और ग्रिल्ड मकई कर्नेल सलाद, कम्प्रेस्ड तरबूज, टैंगी एवोकाडो सॉस, भरवां पोर्टोबेलो मशरूम, मलाईदार केसर वाला रिसोट्टो, गुलाब और इलायची वाला स्ट्रॉबेरी शॉर्टकेक परोसा जाएगा। शेफ नीना कर्टिस, व्हाइट हाउस के कार्यकारी शेफ क्रिस कॉमरफोर्ड और व्हाइट हाउस के कार्यकारी पेस्ट्री शेफ सूसी मॉरिसन ने मेनू तैयार किया है। इसमें भारत और अमेरिका दोनों देशों के व्यंजनों को शामिल किया गया है।


व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि PM मोदी शाकाहारी भोजन पसंद करते हैं, इसीलिए स्टेट डिनर में वेज खाने पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। यही वजह है कि जिल बाइडेन ने शेफ नीना कर्टिस को चुना है। वह अमेरिका में वीगन यानी वेज खाने के लिए सबसे बेहतरीन शेफ मानी जाती हैं। फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन पिछले एक हफ्ते से इस डिनर की तैयारियों दी खुद देखरेख कर रही हैं।

400 मेहमान होंगे शामिल

अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन ने खुद बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए व्हाइट हाउस में आयोजित डिनर में आमंत्रित 400 मेहमानों के लिए मेन्यू में मैरीनेट किया हुआ बाजरा, मकई का सलाद और भरवां मशरूम शामिल हैं। जिल बाइडेन ने बताया प्रधानमंत्री मोदी शाकाहारी हैं, इसलिए उन्होंने शाकाहारी व्यंजनों में माहिर शेफ नीना कर्टिस को व्हाइट हाउस के कर्मचारियों के साथ काम करने और एक शानदार शाकाहारी मेन्य तैयार करने के लिए कहा है।

फर्स्ट लेडी ने कहा कि कल रात मेहमान साउथ लॉन में आएंगे, जहां हर मेज पर हरे और केसरिया रंग के फूल लगाए जाएंगे, जो भारत के झंडे के रंग हैं। उन्होंने कहा कि हर शानदार और विशिष्ट इंतजाम होंगे। हमें उम्मीद है कि अतिथि भी यह महसूस कर पाएंगे कि मेज खास उन्हीं के लिए सजाई गई है। रात्रिभोज के बाद ग्रैमी पुरस्कार विजेता जोशुआ बेल प्रस्तुति देंगे। जिल बाइडेन ने कहा कि उनकी प्रस्तुति के बाद पेनसिलवेनिया विश्वविद्यालय का समूह पेन मसाला भारतीय संगीत से प्रेरित गीतों पर प्रस्तुति देगा।

नाश्ते का मेन्यू

स्टेट डिनर में पहले नाश्ते के रूप में मैरीनेटेड बाजरा, ग्रिल्ड मकई के दाने का सलाद, तरबूज और एक तीखा एवोकैडो सॉस परोसा जाएगा। मुख्य भोजन में भरवां पोर्टोबेलो मशरूम और एक मलाईदार केसर-युक्त रिसोट्टो शामिल है। मीठे में गुलाब और इलायची वाले स्ट्रॉबेरी शॉर्टकेक और अन्य व्यंजन शामिल हैं।

कैलिफोर्निया की शेफ कर्टिस ने कहा कि फर्स्ट लेडी के साथ काम करना और उनकी पाक कला को समझना एवं उसके अनुरूप व्यंजन तैयार करना वास्तव में खुशी की बात है। हमने एक ऐसा मेन्यू तैयार किया है जो वास्तव में अमेरिकी व्यंजनों का दर्शाता है, जिसमें भारतीय स्वाग का तड़का लगाया गया है।

ये भी पढ़ें- गुजरात का नमक, पंजाब का घी और महाराष्ट्र का गुड़... PM मोदी ने बाइडेन और फर्स्ट लेडी को दिए ये उपहार

शेफ ने कहा कि हम इस बात को लेकर उत्साहित हैं कि भारत अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष मनाने के प्रयासों का नेतृत्व कर रहा है। हमने अपने मेन्यू में मैरीनेटेड बाजरा और भारतीय व्यंजन से जुड़़े तत्वों को शामिल किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।