Mann Ki Baat Live Update: जन धन अकाउंट से भ्रष्टाचार में आई कमी, UPI से बढ़ा ट्रांजैक्शन – पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज के युवाओं को पंडित दीन दयाल उपाध्याय से बहुत कुछ सीखने की जरूरत है

अपडेटेड Sep 26, 2021 पर 12:56 PM
Story continues below Advertisement

Mann Ki Baat: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 बजे अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के जरिए देश वासियों को संबोधित किया। मन की बात कार्यक्रम का यह 81वां एपिसोड है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शनिवार को ही इस रेडियो कार्यक्रम की जानकारी दी गई थी जो आज सुबह 11 बजे से होना है।

बता दें कि मन बी बात कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के पूरे नेटवर्क और मोबाइल एप पर प्रसारित किया जाता है। यह हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होता है। 

11:50AM

पीएम मोदी ने कहा कि आने वाला समय त्योहारों का है, पूरा देश मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की असत्य पर विजय का पर्व भी मनाने वाला है। लेकिन इस उत्सव में हमें देश की कोरोना से लड़ाई को भी याद रखना है, टीम इंडिया इस लड़ाई में रोज़ नए रिकॉर्ड बना रही है।

11:40AM

पंडित दीनदयाल की सोच से सीखने की जरूरत: पीएम मोदी


पीएम मोदी ने कहा पंडित दीनदयाल ने सीख दी कि हमारे पास जो कुछ भी है, वो देश की वजह से ही तो है इसलिए देश के प्रति अपना कर्ज कैसे चुकाएंगे, इस बारे में सोचना चाहिए। ये आज के युवाओं के लिए बहुत बड़ा संदेश है।

 

11:30AM

खेती में हो रहे नए प्रयोग स्वरोजगार के नए साधन बना रहे

पीएम मोदी ने कहा कि पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर, खेती में हो रहे नए प्रयोग, नए विकल्प, लगातार, स्वरोजगार के नए साधन बना रहे हैं। 

11:25AM

मेडिसिनल प्लांट की ओर बढ़ा रुझान

पीएम मोदी ने कहा कि आज हम लोगों की जिंदगी का हाल ये है कि एक दिन में सैकड़ों बार कोरोना शब्द हमारे कान पर गूंजता है, 100 साल में आई सबसे बड़ी वैश्विक महामारी कोविड-19 ने हर देशवासी को बहुत कुछ सिखाया है। हेल्थकेयर और वेलनेस को लेकर आज जिज्ञासा और जागरूकता बढ़ी है। आज के हालात में जिस प्रकार मेडिसिनल प्‍लांट और हर्बल उत्पादों को लेकर दुनिया भर में लोगों का रुझान बढ़ा है, उसमें भारत के पास बड़ी संभावनाएं हैं।

Healthcare और Wellness को लेकर आज जिज्ञासा भी बढ़ी है और जागरूकता भी। हमारे देश में पारंपरिक रूप से ऐसे Natural Products बड़े पैमाने पर उपलब्ध हैं जो Wellness यानि सेहत के लिए बहुत फायदेमंद हैं।

11:20AM

आजादी के 75 साल

पीएम मोदी ने कहा कि आज आज़ादी के 75वें साल में हम जब आज़ादी के अमृत महोत्सव को मना रहे हैं, आज हम संतोष से कह सकते हैं कि आज़ादी के आंदोलन में जो गौरव खादी को था आज हमारी युवा पीढ़ी खादी को वो गौरव दे रही है। आज खादी और हैंडलूम का उत्पादन कई गुना बढ़ा है और उसकी मांग भी बढ़ी है। आप भी जानते हैं ऐसे कई अवसर आये हैं जब दिल्ली के खादी शोरूम में एक दिन में एक करोड़ रूपए से ज्यादा का कारोबार हुआ है। दिवाली का त्योहार सामने है, त्योहारों के मौसम के लिए खादी, हैंडलूम, कुटीर उद्योग से जुड़ी आपकी हर खरीदारी Vocal For Local इस अभियान को मजबूत करने वाली हो, पुराने सारे रेकॉर्ड तोड़ने वाली हो।

11:18AM

जनधन अकाउंट से भ्रष्टाचार में आई कमी

पीएम मोदी ने कहा कि आप जानते हैं जनधन खातों को लेकर देश ने जो अभियान शुरू किया। इसकी वजह से आज गरीबों को उनके हक का पैसा सीधा, सीधा उनके खाते में जा रहा है जिसके कारण भ्रष्टाचार जैसे रुकावटों में बहुत बड़ी मात्रा में कमी आई है। उन्होंने आगे कहा कि पिछले अगस्त महीने में UPI से 355 करोड़ लेनदेन हुए। आज औसतन 6 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का डिजिटल पेमेंट UPI से हो रहा है। इससे देश की अर्थव्यवस्था में स्वच्छता, पारदर्शिता आ रही है।

11:15AM

पीए मोदी ने कहा कि हमारे आज के नौजवान को ये जरूर जानना चाहिए कि साफ-सफाई के अभियान ने कैसे आज़ादी के आंदोलन को निरंतर ऊर्जा दी थी। ये महात्मा गांधी ही तो थे, जिन्होंने स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का काम किया था। महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वाधीनता के सपने के साथ जोड़ दिया था।

11:10 AM

उपहारों की नीलामी

पीएम मोदी ने कहा कि आजकल एक विशेष ई-ऑक्शन चल रहा। ये इलेक्ट्रॉनिक नीलामी उन उपहारों की हो रही है, जो मुझे समय-समय पर लोगों ने दिए हैं। इस नीलामी से जो पैसा आएगा, वो नमामि गंगे अभियान के लिये ही समर्पित किया जाता है।

11:05AM

मन की बात कार्यक्रम के जरिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश वासियों को संबोधित करते हु विश्व नदी दिवस पर बात करते हुए कहा कि हमारे लिए नदी भौतिक वस्तु नहीं है, बल्कि एक जीवित ईकाई है। इसलिए तो हम नदियों को मां कहते हैं। एक और दिन ऐसा है जो हम सबको याद रखना चाहिए और ये दिन ऐसा है जो भारत की परम्पराओं से बहुत सुसंगत है। सदियों से जिस परम्पराओं से हम जुड़े हैं, उससे जोड़ने वाला है। ये है वर्ल्ड रिवर डे यानी विश्व नदी दिवस है।

नदियों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमारे कितने भी पर्व हों, त्योहार, उत्सव उमंग हो सभी मां की गोद में ही तो होते हैं। पहले हमारे यहां नदियों से जुड़ाव होता था, उसके प्रति एक आस्था थी। ऐसे में कोई भी हमसे पूछेगा कि नदियों की इतनी महिमा, इतने गीत गा रहे हैं तो नदियां इतनी प्रदूषित क्यूं? पानी की सफाई और नदियों को प्रदूषण मुक्त करने का काम सबके प्रयास से संभव है। नमामि गंगे की सफलता में जन-जन का योगदान है।

इसके पहले पीएम मोदी ने 29 अगस्त को मन की बात के 80वें एपिसोड में देश वासियों को संबोधित किया था। इसमें पीएम मोदी ने बिहार में एक कृषि विज्ञान केंद्र और तमिलनाडु में कांजीरांगल पंचायत के वेस्ट मैनेजमेंट और इस दिशा में उनकी पहल के प्रयासों की सराहना की थी। 

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।