YouTube चलाते हो तो ये खबर आपके लिए है। अप्रैल से जून के बीच YouTube ने भारत से अपलोड हुए 34.4 लाख वीडियो डिलीट कर दिए। मतलब दुनिया में हटाए गए हर 100 वीडियो में से 31 वीडियो सिर्फ भारत के थे। अमेरिका और इंडोनेशिया भी इस मामले में भारत से काफी पीछे रह गए।
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक ये आंकड़ा पिछली 3 महीने से 28% ज्यादा है। YouTube की रिपोर्ट कहती है कि इस दौरान पूरी दुनिया में कुल 1.11 करोड़ वीडियो हटाए गए। इसमें भारत 34.4 लाख के साथ टॉप पर रहा, अमेरिका में 12.4 लाख, इंडोनेशिया में 9.2 लाख और ब्राजील में 8.4 लाख वीडियो हटाए गए।
आखिर वीडियो डिलीट क्यों हो रहे हैं?
अब सवाल ये है कि वीडियो हटाए क्यों गए? दुनिया भर में हटाए गए वीडियो में सबसे बड़ी वजह बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का टूटना रही, जो कुल मामलों का 68.2% था। खास बात ये है कि 98.6% वीडियो को पहले YouTube के ऑटोमेटेड सिस्टम ने ही पकड़ा था, इंसानों ने बाद में चेक किया। हालांकि कंपनी ने ये नहीं बताया कि भारत के 34.4 लाख वीडियो में से कितने किस वजह से हटाए गए।
IP एड्रेस से तय होता है वीडियो किस देश का है
YouTube वीडियो को किस देश का मानता है ये तुम्हारे IP एड्रेस से तय होता है। मतलब तुमने वीडियो कहां से अपलोड किया, उसी हिसाब से गिनती होती है। इसका ये मतलब नहीं कि वो वीडियो सिर्फ उसी देश के लोगों ने देखा था।
सरकार ने भी बढ़ाई सख्ती, हटाने के मांग बढ़े
इसी दौरान Google को भी भारत से कंटेंट हटाने के लिए ज्यादा शिकायतें मिलीं। जनवरी से जून के बीच सरकार और अदालतों ने 4,006 अनुरोध भेजे, जो पहले से 61% ज्यादा हैं। इनमें से 3,399 अनुरोध सिर्फ YouTube से जुड़े थे। सबसे ज्यादा अनुरोध पुलिस ने भेजे, 2,870 और अदालतों ने 695 भेजे। सबसे बड़ी वजह मानहानि रही।
Google ने 19,883 कंटेंट भारतीय कानून के तहत हटाए, 1,415 अपनी पॉलिसी के तहत हटाए। 19,402 पर कोई एक्शन नहीं लिया और 17,473 में जानकारी अधूरी थी।
क्रिएटर्स के लिए बड़ी चेतावनी
अब YouTube पहले से ज्यादा सख्त हो गया है। अगर आप YouTube पर वीडियो बनाते हैं, तो थोड़ा संभल जाएं। हो सकता है आपका भी वीडियो डिलीट हो जाए। इसलिए YouTube के नियमों का पालन करते हुए ही वीडियो बनाएं।