Monsoon Update: केरल में मानसून ने दी दस्तक! कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, जानें आपके राज्य में कब होगी बारिश

Monsoon Update: केरल के कोट्टायम जिले के कई हिस्सों में गुरुवार दोपहर बारिश हुई। IMD के आधिकारिक X अकाउंट से बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में आधिकारिक तौर पर दस्तक दे चुका है और आज 30 मई को पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में पहुंच गया है

अपडेटेड May 30, 2024 पर 12:17 PM
Story continues below Advertisement

Monsoon 2024 Update: दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में दस्तक दे चुका है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने गुरुवार यानी 30 मई को इसका आधिकारिक ऐलान किया। मौसम विभाग ने बताया कि आज पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश भागों में मानसून आगे बढ़ गया है। केरल के कोट्टायम जिले के कई हिस्सों में गुरुवार दोपहर बारिश हुई। IMD के आधिकारिक X अकाउंट से बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में आधिकारिक तौर पर दस्तक दे चुका है और आज 30 मई को पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में भी पहुंच गया है।

चक्रवात रेमल के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार को केरल तट और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से एक दिन पहले ही दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि चक्रवात ने मानसून के प्रवाह को बंगाल की खाड़ी की ओर खींच लिया, जो पूर्वोत्तर में समय से पहले मानसून के दस्तक देने का एक कारण हो सकता है।

चक्रवाती तूफान 'रेमल' रविवार को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तट से टकराया था। IMD ने कहा, ''दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में दस्तक दे चुका है और आज यानी 30 मई 2024 को पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों की ओर बढ़ गया है।''


इससे पहले 15 मई को मौसम विभाग ने मानसून के 31 मई को केरल में दस्तक देने की घोषणा की थी। केरल में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिसके परिणामस्वरूप मई में अतिरिक्त बारिश दर्ज की गई है।

केरल में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 1 जून और अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर व असम में मानसून के दस्तक देने की तिथि पांच जून है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में भी जल्द ही बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली में हल्की बारिश और धूल भरी आंधी की संभावना

दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD ने दिन में हल्की बारिश होने और धूल भरी आंधी चलने का अनुमान भी जताया है। दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 79 वर्षों में सबसे अधिक है। दिल्ली में 17 जून 1945 को तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस था।

मौसम विभाग ने आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने, लू चलने, धूल भरी आंधी या तूफान आने और तेज हवाओं के साथ बहुत हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। बुधवार शाम को मौसम में अचानक बदलाव आया और शहर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई।

ये भई पढ़ें- Delhi Heatwave Alert: दिल्ली समेत 8 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी

आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी का स्तर 36 फीसदी था| केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 236 दर्ज किया गया जो 'खराब' कैटेगरी में आता है।

Akhilesh

Akhilesh

Tags: #IMD

First Published: May 30, 2024 12:06 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।