UP Global Investor Summit: आज से यूपी ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट का आगाज हो गया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने समिट का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने यूपी ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट 2023 का उद्घाटन किया जिसमें 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आने की उम्मीद की जा रही है। इस समिट में 13 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके साथ ही समिट में 3 दिनों में कुल 34 सत्र होंगे। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 10 फरवरी से लेकर 12 फरवरी तक चलेगा। ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट में देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों ने शिरकत की है। समिट को संबोधित करते हुए आज रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Reliance Industries Chairman Mukesh Ambani )ने कहा कि रिलायंस यूपी के विकास के लिए काम करता रहेगा। इस राज्य में रिलायंस द्वारा और 75000 करोड़ रुपये का निवेश किया जायेगा।
मुकेश अंबानी ने यूपी ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट को हिंदी में संबोधित करते हुए कहा कि यूपी भगवान राम की पुण्य भूमि है। भारत अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है। अब भारत तेजी से तकनीक की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी है। इस समय ग्रामीण और शहरी भारत की दूरी भी कम हो रही है।
यूपी ग्लोबल इनवेस्टर समिट में मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस उत्तरप्रदेश के विकास के लिए काम करता रहेगा। अब तक हमारी कंपनी ने यूपी में 50,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस निवेश के बाद भी हमारी तरफ से राज्य में और निवेश किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कंपनी अगले चार सालों में राज्य में अतिरिक्त 75,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
अंबानी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि भारतीय इकोनॉमी की बुनियाद काफी मजबूत है। वहीं देश में यूपी भारत का उत्तम प्रदेश बनकर उभर रहा है। नए भारत के लिए यूपी आशा का केंद्र बना हुआ है। हम आगे यूपी में 10 GW रिन्यूएबल एनर्जी लगाएंगे। इसके साथ ही 2023 तक पूरे यूपी में 5G सेवा उपलब्ध करायेंगे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन ने अपने हिंदी संबोधन को बढ़ाते हुए कहा कि बायो एनर्जी से किसानों को फायदा होगा। किसान हमारे देश के अन्नदाता हैं। अब वे हमारे देश के ऊर्जा दाता भी बनेंगे। रिलायंस द्वारा अगले 4 सालों में अतिरिक्त 75,000 करोड़ रुपये के निवेश से राज्य को विकास के मोर्चे पर बहुत फायदा होगा। रिलायंस के निवेश से 1 लाख नए रोजगार मिलेंगे।
(डिस्क्लोजर: Moneycontrol.com नेटवर्क 18 का हिस्सा है। नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)