मुंबई की लोकल ट्रेन में खतरनाक स्टंट करने का एक वीडियो कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। इस वीडियो को संज्ञान में लेकर रेलवे पुलिस ने FIR दर्ज करके जांच कर शुरू कर दी। पुलिस जब उस शख्स को गिरफ्तार करने पहुंची तो वो भी हैरान रह गई। पुलिस के भी आंखों में आंसू आ गए। उपनगरीय लोकल ट्रेन में खतरनाक स्टंट करने वाले इस युवक ने स्टंट के दौरान अपना एक हाथ और एक पैर गंवा दिया है। पुलिस को युवक ने जब देखा तो वो रो पड़ा। युवक ने दूसरों को सलाह दी कि वह इस तरह के खतरनाक स्टंट को करने से बचें।
वहीं पुलिस ने युवक का यह वीडियो बनाकर एक्स पर शेयर किया है। ताकि रील्स के चक्कर में जान हथेली पर रखने वालों को सबक मिल सके। सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर 14 जुलाई को एक वीडियो शेयर किया था। जिसमें एक युवक प्लेटफॉर्म से निकल रही एक ट्रेन पर चढ़कर खतरनाक स्टंट करता हुआ दिखाई दे रहा था।
सेंट्रल रेलवे के DRM ने लिया एक्शन
इस वीडियो पर जवाब देते हुए मुंबई सेंट्रल के डीआरएम ने कहा था कि जानकारी देने के लिए धन्यवाद। RPF पोस्ट VDLR को वीडियो में दिख रहे अज्ञात यात्री के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। उसका पता लगाने के प्रयास जारी हैं। हम लोगों से अनुरोध करते हैं कि वे इस तरह की असुरक्षित गतिविधियों से दूर रहें और अपने एवं यात्रियों के लिए जीवन को खतरे में ना डालें। वीडियो सामने आने के बाद व्यक्ति की पहचान की तो उसकी पहचान वडाला के एंटॉप हिल निवासी फरहत अज़ाम शेख के रूप में हुई। पुलिस उसके घर पहुँची तो पता लगा कि मुंबई के मस्जिद रेलवे स्टेशन पर इसी प्रकार का स्टंट करते हुए फरहत ने अपना बायाँ हाथ और पैर खो दिया है। शिवडी रेलवे स्टेशन का वीडियो 7 मार्च का है और इसे उसके एक दोस्त ने रिकॉर्ड किया था।