Namo Bharat Train: अब मेरठ से दिल्ली दूर नहीं... क्या है नमो भारत ट्रेन का RRTS कॉरिडोर, जानें सभी डिटेल

पिछले साल शुरू की गई RRTS केवल मेरठ और गाजियाबाद के बीच चलती थी, जो साहिबाबाद से मेरठ साउथ तक 42 किलोमीटर और नौ स्टेशनों तक फैली थी। आज तक, नमो भारत ट्रेनों ने 50 लाख से ज्यादा यात्रियों को सर्विस प्रोवाइड की है। यह सेवा दिल्ली और आस-पास के इलाकों के बीच उपलब्ध यात्रा विकल्पों में एक नया आयाम जोड़ने के लिए तैयार है

अपडेटेड Jan 05, 2025 पर 10:28 PM
Story continues below Advertisement
Namo Bharat Train: अब मेरठ से दिल्ली दूर नहीं... क्या है नमो भारत ट्रेन का RRTS कॉरिडोर, जानें सभी डिटेल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को RRTS के दिल्ली खंड का उद्घाटन किया, जिसका मतलब है कि नमो भारत ट्रेनें अब राष्ट्रीय राजधानी में आ गई हैं। उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक दिल्ली-मेरठ क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) का 13 किलोमीटर लंबा सेक्शन अब चालू हो गया है। इसके साथ ही, नमो भारत कॉरिडोर अब दिल्ली के न्यू अशोक नगर और मेरठ साउथ के बीच 11 स्टेशनों के साथ 55 किलोमीटर तक फैल जाएगा।

नए उद्घाटन किए गए सेक्शन पर यात्री परिचालन रविवार शाम 5 बजे से शुरू होगा और हर 15 मिनट पर ट्रेनें उपलब्ध होंगी। न्यू अशोक नगर स्टेशन से मेरठ साउथ तक का किराया स्टैंडर्ड कोच के लिए 150 रुपए और प्रीमियम कोच के लिए 225 रुपए है। स्टैंडर्ड कोच में न्यूनतम किराया 20 रुपए से शुरू होकर एक यात्रा के लिए 150 रुपए तक है, जबकि प्रीमियम कोच में यह 30 रुपए से 225 रुपए के बीच है।

पिछले साल शुरू की गई RRTS केवल मेरठ और गाजियाबाद के बीच चलती थी, जो साहिबाबाद से मेरठ साउथ तक 42 किलोमीटर और नौ स्टेशनों तक फैली थी। आज तक, नमो भारत ट्रेनों ने 50 लाख से ज्यादा यात्रियों को सर्विस प्रोवाइड की है। यह सेवा दिल्ली और आस-पास के इलाकों के बीच उपलब्ध यात्रा विकल्पों में एक नया आयाम जोड़ने के लिए तैयार है, खासकर उन लोगों के लिए जो परेशानी मुक्त और किफायती यात्रा चाहते हैं।


नए 13 किलोमीटर लंबे सेक्शन की खास बात-

- अधिकारियों के अनुसार, इस सेक्शन पर ऑपरेशन शुरू होने से मेरठ शहर अब सीधे दिल्ली से जुड़ गया है।

- अधिकारियों ने कहा कि इससे यात्रा का समय एक तिहाई कम हो जाएगा, जिससे यात्री न्यू अशोक नगर से मेरठ दक्षिण तक केवल 40 मिनट से कम समय में यात्रा कर सकेंगे।

- उन्होंने बताया कि इस खंड का छह किलोमीटर हिस्सा अंडरग्राउंड है और इसमें कॉरिडोर का एक प्रमुख स्टेशन आनंद विहार भी शामिल है। उन्होंने बताया कि यह पहली बार है, जब नमो भारत ट्रेन अंडरग्राउंड सेक्शन पर चलेंगी।

- अधिकारियों ने आगे बताया कि आनंद विहार अंडरग्राउंड स्टेशन नमो भारत कॉरिडोर के सबसे बड़े स्टेशनों में से एक है। यात्री इस स्टेशन से मात्र 35 मिनट में मेरठ साउथ पहुंच सकेंगे।

- आनंद विहार स्टेशन क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन के मौजूदा छह साधनों के बीच मल्टी-मॉडल एकीकरण की सुविधा प्रदान करेगा। इनमें स्वामी विवेकानंद (आनंद विहार) और कौशांबी में दो ISBT, मेट्रो के दो गलियारे (पिंक और ब्लू लाइन), आनंद विहार रेलवे स्टेशन, सिटी बस स्टैंड शामिल हैं। इससे मेरठ और दिल्ली के यात्री मेट्रो, ISBT और रेलवे द्वारा देश के किसी भी कोने में निर्बाध यात्रा कर सकेंगे।

- उन्होंने बताया कि आनंद विहार स्टेशन पर वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही के लिए विशेष व्यवस्था के तौर पर गाजीपुर नाले पर तीन पुल बनाए गए हैं। इनमें से दो पुल वाहनों के प्रवेश और निकास के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे, जबकि एक पुल खास तौर पर पैदल यात्रियों के लिए है।

- अधिकारियों ने बताया कि न्यू अशोक नगर दिल्ली सेक्शन पर चालू होने वाला पहला एलिवेटेड नमो भारत स्टेशन है। उन्होंने बताया कि यह कॉरिडोर न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन को 20 मीटर की ऊंचाई से पार करता है।

- उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर ट्रेन सेवाओं के साथ-साथ एक वाणिज्यिक केंद्र भी बनाने की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि इस स्टेशन को 90 मीटर लंबे फुट ओवरब्रिज के जरिए दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से जोड़ा जा रहा है।

RRTS पर कौन से स्टेशन चालू हैं?

अब, न्यू अशोक नगर और मेरठ साउथ के बीच RRTS कॉरिडोर पर 11 स्टेशन चालू हैं।

- न्यू अशोक नगर

- आनंद विहार

- साहिबाबाद

- गाजियाबाद

- गुलधर

- दुहाई

- दुहाई डिपो

- मुरादनगर

- मोदी नगर साउथ

- मोदी नगर नॉर्थ

- मेरठ साउथ

दिल्ली-मेरठ RRTS कॉरिडोर क्या है?

दिल्ली-मेरठ RRTS एक 82 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर है, जो नई दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर मेरठ के मोदीपुरम में खत्म होगा। 13 किलोमीटर लंबे दिल्ली सेक्शन के उद्घाटन के साथ ही कॉरिडोर का 55 किलोमीटर हिस्सा अब पूरी तरह चालू हो गया है।

पूरा होने के बाद, इसमें मेरठ मेट्रो के लिए नौ अतिरिक्त स्टेशनों के साथ-साथ 16 नमो भारत स्टेशन होंगे, जो इसे एक व्यापक और परिवर्तनकारी क्षेत्रीय पारगमन समाधान बना देगा। अन्य सेक्शन - न्यू अशोक नगर-सराय काले खां और मेरठ साउथ-मोदीपुरम - में आगे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

अब दिल्ली से मेरठ तक फर्राटा भरेगी 'नमो भारत', पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, जानें कितना होगा किराया

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Jan 05, 2025 9:46 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।