पत्नी आलिया के साथ जारी विवाद पर छलका नवाजुद्दीन सिद्दीकी का दर्द, बोले- 'उसे हर महीने 10 लाख रुपये देता हूं, वह ब्लैकमेल कर रही'

बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी से अलग रह रही पत्नी आलिया सिद्दीकी ने दो दिन पहले दावा किया था कि एक्टर ने उन्हें और उनके दो बच्चों को धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया है। इंस्टाग्राम पर सिलसिलेवार पोस्ट में आलिया ने कहा कि अभिनेता ने वहां गार्ड खड़े कर रखें हैं, ताकि उन्हें (आलिया) एंट्री करने से रोका जा सके। इस बीच, नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने आलिया के आरोपों पर पहली बार चुप्पी तोड़ी है

अपडेटेड Mar 06, 2023 पर 4:49 PM
Nawazuddin Siddiqui: बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी और उनकी पत्नी आलिया सिद्दीकी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है

बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी (Nawazuddin Siddiqui breaks silence on controversy with wife) से अलग रह रही पत्नी आलिया सिद्दीकी (Aaliya Siddiqui) ने दो दिन पहले दावा किया था कि एक्टर ने उन्हें और उनके दो बच्चों को धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया है। इंस्टाग्राम पर सिलसिलेवार पोस्ट में आलिया ने कहा कि अभिनेता ने वहां गार्ड खड़े कर रखें हैं, ताकि उन्हें (आलिया) एंट्री करने से रोका जा सके। अभिनेता के प्रवक्ता ने आलिया के दावे को खारिज कर दिया। प्रवक्ता ने कहा कि घर सिद्दीकी की मां के नाम पर है, ऐसे में वह किसी के भी वहां रहने/नहीं रहने का फैसला नहीं ले सकते हैं।

इस बीच, नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने आलिया के आरोपों पर पहली बार चुप्पी तोड़ी है। नवाज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट में लिखा है कि वह अपनी चुप्पी की वजह से हर जगह गलत साबित हुए। उन्होंने कहा कि मैं इतने दिनों से इसलिए शांत था, क्योंकि ये सारा तमाशा कहीं ना कहीं मेरे बच्चे जरूर पढ़ते। अभिनेता ने कहा कि बच्चों की अच्छी परवरिश के लिए पिछले 2 सालों में मैं उसे 10 लाख रुपए हर महीना देता था। जब वो मेरे बच्चों के साथ दुबई गई थी तो मैं स्कूल फीस, मेडिकल और ट्रेवल खर्चे के अलावा 5-7 लाख रुपए हर महीना उसे भेजता था।

पढ़ें, एक्टर का पूरा बयान


अभिनेता ने एक लंबे इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, "मेरी चुप्पी के कारण मुझे हर जगह एक बुरा आदमी कहा जाता है। मैं इसलिए चुप हूं, क्योंकि यह सारा तमाशा कहीं न कहीं मेरे छोटे-छोटे बच्चे पढ़ रहे होंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, मीडिया और लोगों का एक ग्रुप वास्तव में एकतरफा वीडियो के आधार पर मेरे चरित्र हनन का आनंद ले रहा है। कुछ मुख्य प्वाइंट हैं, जिसके बारे में मैं अपनी बात करखा चाहूंगा। सबसे पहले, मैं और आलिया कई सालों से एक साथ नहीं रहते हैं, हम पहले से ही तलाकशुदा हैं लेकिन हमारे बच्चों के लिए एक समझौता जरूर हुई थी। क्या कोई जानता है, मेरे बच्चे भारत में क्यों हैं? 45 दिनों से बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। मेरे बच्चों को पिछले 45 दिनों से बंधक बना लिया गया है और दुबई में उनकी स्कूली शिक्षा याद आ रही है।"

अपनी पत्नी आलिया द्वारा उठाए गए वित्तीय मुद्दों को लेकर नवाज ने कहा, “पैसे मांगने के बहाने उन्हें यहां बुलाने से पहले उसने पिछले 4 महीनों से बच्चों को दुबई में छोड़ दिया था। बच्चों की अच्छी परवरिश के लिए पिछले 2 सालों में मैं उसे 10 लाख रुपए हर महीना देता था। जब वो मेरे बच्चों के साथ दुबई गई थी तो मैं स्कूल फीस, मेडिकल और ट्रेवल खर्चे के अलावा 5-7 लाख रुपए हर महीना उसे भेजता था। मैंने उनकी 3 फिल्मों को भी फाइनेंस किया है, जिसमें मुझे करोड़ों रुपये की लागत आई है।

अभिनेता ने आगे लिखा, "मैंने ऐसा इसलिए किया था, क्योंकि वो मेरे बच्चों की मां है। बच्चों के लिए लग्जरी गाड़ी भी दी गई, लेकिन आलिया ने उसे बेच दिया और उससे मिले सारे पैसे खुद पर खर्च कर लिए।' आलिया को सिर्फ ज्यादा पैसा चाहिए था, जिस वजह से उसने मुझ पर और मेरी मां पर आरोप लगाए और केस भी फाइल किया। इसने पहले भी ऐसा किया था और पैसे मिलने पर केस वापस ले लिया था।"

नवाज ने आगे कहा, "मैंने अपने बच्चों के लिए मुंबई के वर्सोवा में समुद्र के सामने एक भव्य अपार्टमेंट भी खरीदा है। आलिया को उक्त अपार्टमेंट का सह-मालिक बनाया गया, क्योंकि मेरे बच्चे छोटे हैं। मैंने अपने बच्चों को दुबई में एक किराए का अपार्टमेंट दिया है, जहां वो भी आराम से रह रही थी। उसने पहले भी ऐसा ही किया है और अपनी मांग के अनुसार भुगतान किए जाने पर केस वापस ले लेती है।"

घर में एंट्री नहीं मिलने के बारे में बात करते हुए नवाज ने कहा, "मेरे बच्चे जब भी छुट्टियों में भारत आते थे तो अपनी दादी के पास ही रहते थे। कोई उन्हें घर से कैसे निकाल सकता है? मैं खुद उस वक्त घर में नहीं था। अगर ऐसा ही था तो आलिया ने घर से बाहर निकालते समय का वीडियो क्यों नहीं बनाया। वो हर बार रैंडम वीडियोज क्यों सामने ला रही हैं। उसने इस नाटक में बच्चों को घसीटा है और वह यह सब केवल मुझे ब्लैकमेल करने, मेरी प्रतिष्ठा को खराब करने, मेरा करियर खराब करने और अपनी नाजायज मांगों को पूरा करने के इरादे से कर रही है।"

नवाजुद्दीन ने नोट के अंतिम में लिखा, "कोई पेरेंट नहीं चाहेगा कि उसके बच्चे अपनी पढ़ाई मिस करें या किसी भी चीज का उनकी भविष्य पर असर पड़े। वो हमेशा अपने बच्चों को दुनिया की सबसे बेस्ट चीजें देने की कोशिश करते हैं।"

ये भी पढ़ें- नवाजुद्दीन सिद्दीकी के भाई शमास ने किया चौंकाने वाला दावा, कहा- एक्टर ने सिर्फ बेटी को ही बंगले में घुसने की दी इजाजत

अभिनेता ने लास्ट में लिखा, "मैं आज जो भी कमा रहा हूं, वो सब मेरे दोनों बच्चों का है और इस बात को कोई नहीं बदल सकता है। मैं शोरा और यानी से बहुत प्यार करता हूं और मैं उनकी सुरक्षा के लिए भविष्य में किसी भी हद तक जा सकता हूं। मैंने अब तक सभी केस जीते हैं और न्यायपालिका में अपना विश्वास रखना जारी रखूंगा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।