CBI ने NEET-UG प्रश्नपत्र लीक मामले में बृहस्पतिवार को पटना AIIMS में पढ़ने वाले MBBS के चार छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि MBBS के तीसरे साल के तीन छात्रों चंदन सिंह, राहुल अनंत व कुमार शानू और दूसरे साल के एक छात्र करन जैन को पूछताछ के बाद CBI टीम ने गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि AIIMS के सीनियर फैकल्टी सदस्यों की मौजूदगी में छात्रों को हॉस्टल के उनके कमरों से ले जाया गया। उन्हें बताया गया था कि जांच के लिए छात्रों की जरूरत है।
न्यूज एजेंसी ANI ने CBI सूत्रों के हवाले से बताया कि इन चारों ने पेपर लीक के मुख्य आरोपी पंकज सिंह के लिए प्रशन पत्र हल किए। सभी आरोपियों को चार दिन की CBI हिरासत में भेज दिया गया है।
चारों के CBI ने हॉस्टल से उठाया
अधिकारियों ने बताया कि CBI ने हॉस्टल के उनके कमरों को भी सील कर दिया है। AIIMS पटना के डायरेक्टर जीके पॉल ने बताया, "CBI AIIMS पटना के चार छात्रों को अपने साथ ले गई है। चंदन सिंह, राहुल अनंत और कुमार शानू थर्ड ईयर के छात्र हैं और करण जैन सेकंड ईयर का छात्र है।"
उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ अधिकारी ने उन्हें छात्रों की तस्वीरें और मोबाइल नंबर भेजे हैं। पॉल ने बताया कि CBI की एक टीम डीन, हॉस्टल वार्डन और डायरेक्टर के OSD की मौजूदगी में छात्रों को ले गई है।
NEET-UG के पेपर चुराने वाला हुआ गिरफ्तार
अधिकारियों ने बताया कि इससे दो दिन पहले CBI ने NIT जमशेदपुर के 2017 बैच के सिविल इंजीनियर पंकज कुमार उर्फ आदित्य को मंगलवार को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि कुमार ने हजारीबाग में NTA के ट्रंक से NEET-UG का प्रश्नपत्र चुराया था।
अधिकारियों के मुताबिक, बोकारो निवासी कुमार को पटना से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि CBI ने राजू सिंह नाम के व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर प्रश्नपत्र चुराने में कुमार की मदद की थी। सिंह को हजारीबाग से गिरफ्तार किया गया।
मेडिकल प्रवेश परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही CBI ने छह FIR दर्ज की हैं। बिहार में दर्ज FIR प्रश्नपत्र लीक होने से जुड़ी है, जबकि गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र में दर्ज बाकी FIR अभ्यर्थियों के जगह पर किसी और के परीक्षा देने और धोखाधड़ी को लेकर हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के संदर्भ के आधार पर एजेंसी की अपनी FIR, NEET-UG 2024 में कथित गड़बड़ियों और खामियों की ‘गहन जांच’ से संबंधित है।
NEET-UG का आयोजन NTA, सरकारी और निजी संस्थानों में MBBS, BDS, आयुष और दूसरे मेडिकल कोर्ट में एडमिशन के लिए करती है।
इस साल यह परीक्षा पांच मई को 571 शहरों के 4,750 सेंटर पर कराई गई थी। इस परीक्षा में 23 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए थे।