भारत में हर साल सड़क हादसों में लाखों लोग अपनी जान गंवाते हैं। कई सड़क हादसों में घायल होने वाले हजारों लोग, वक्त पर इलाज ना मिलने की वजह से अपनी जान गंवा बैठते हैं। अपने नागरिकों की जान, ऐसे हादसों से बचाने के लिए केंद्र सरकार काफी गंभीर है। वहीं सोमवार को केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सड़क हादसों में घयाल लोगों को अस्पताल पहुंचाने वाले देवदूतों के लिए बड़ा ऐलान किया है। केंद्र सरकार ने रोड एक्सीडेंट में घायल होने वालों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों के लिए इनाम राशि बढ़ाकर 25,000 रुपये करेगी। बता दें कि फिलहाल ऐसे लोगों को सरकार 5000 हजार का इनामी राशि देती है।
बता दें कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ये ऐलाव महाराष्ट्र के पुणे में इस बात का ऐलान किया। वहीं रोड सेफ्टी के मुद्दे पर बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर के साथ एक इंटरव्यू के दौरान नितिन गडकरी ने अपने मंत्रालय को इनामी राशि बढ़ाने का निर्देश दिया है। गडकरी ने यह भी बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के शिकार लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाना जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में घायल लोगों को गोल्डन ऑवर के दौरान यानी एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचा दिया जाए तो जीवित बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
केंद्र सरकार ने अक्टूबर 2021 में इस योजना की शुरुआत की थी, जिससे लोग सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों की मदद करने के लिए प्रेरित हो सकें। वर्तमान योजना के तहत रोड एक्सीडेंट के पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को पुरस्कार राशि के साथ मान्यता प्रमाण पत्र दिया जाता है। वहीं अभी कुछ दिनों पहले नितिन गडकरी ने सड़क हादसों में लोगों की जान बचाने वाले लोगों के लिए कैशलेस ट्रीटमेंट का एलान किया था। केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि देश की किसी भी सड़क पर अगर किसी का एक्सीडेंट होता है, तो उस व्यक्ति का इलाज कैशलेस तरीके से किया जाएगा। इसका मतलब है कि सरकार उस घायल व्यक्ति के इलाज का खर्च उठाएगी। यह इलाज 7 दिनों तक होगा और सरकार इसमें अधिकतम 1.5 लाख रुपये खर्च करेगी। यह योजना इस साल मार्च में शुरू की जाएगी।