Omicron Variant: बेंगलुरु में ओमीक्रोन मरीज के संपर्क में आने वाले 5 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए

भारत में अब तक कोरोना वायरस के ओमीक्रोन वेरिएंट के दो मामले सामने आए हैं

अपडेटेड Dec 03, 2021 पर 8:43 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Omicron की भारत में एंट्री

Omicron Covid Variant: कोरोना वायरस का नया वेरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) भारत में भी दस्तक दे चुका है। ओमीक्रोन के दो मामले मिलने के बाद देश में दहशत का माहौल है। ये दो मामले कर्नाटक में मिले हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ओमीक्रोन मरीजों के संपर्क में आए पांच अन्य लोग भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि अभी उनके नए वेरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है। जीनोम सेक्वेंसिंग के लिए सैंपल भेजा गया है। सरकार ने कहा है कि स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की जरूरत नहीं है।

एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरु वाले ओमीक्रोन से पीड़ित मरीज से संपर्क में आने वाले कुल पांच लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद सभी को क्वारंटीन कर लिया गया है। साथ ही इन सभी के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेज दिए गए हैं। कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में पता चला कि 13 लोग ऐसे थे, जो ओमीक्रोन मरीज से सीधे संपर्क में आए थे। वहीं करीब 250 लोग ऐसे थे, जो किसी तरह मरीज और उसके 13 करीबी कॉन्टैक्ट्स के संपर्क में आए थे।

भारत पहुंचा Omicron Variant, कर्नाटक में नए वेरिएंट के 2 मामले मिलने की पुष्टि: हेल्थ मिनिस्ट्री


भारत में ओमीक्रोन ने दी दस्तक

केंद्र सरकार ने गुरुवार को कहा कि कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के दो मामले कर्नाटक में सामने आए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि दोनों मरीजों की उम्र 66 वर्ष और 46 वर्ष है, जिनमें संक्रमण के हल्के लक्षण हैं। उन्होंने कहा कि उनमें गंभीर लक्षण देखने को नहीं मिला है। ओमीक्रोन 46 साल के भारतीय और 66 साल के दक्षिण अफ्रीकी नागरिक में पाया गया है। दोनों ही मरीजों को वैक्‍सीन की दोनों डोज लग चुकी थी।

अधिकारी ने कहा कि भारतीय सार्स-कोवी-2 जीनोमिक्स कंर्सोटियम (इन्साकॉग) के नेटवर्क के जरिए ओमीक्रोन के दो मामलों का पता लगाया गया है। साथ ही, इन दोनों के संपर्क में आए सभी लोगों का समय पर पता लगा लिया गया और उनकी जांच की जा रही। उन्होंने कहा कि हमें ओमीक्रोन के मामले सामने आने पर दहशत में आने की जरूरत नहीं है, बल्कि जागरूक होने की जरूरत है। कोविड से जुड़े नियमों का अनुपालन करें और भीड़ में जाने से बचें। कोविड-19 टीके लगाने की गति बढ़ाना समय की आवश्यकता है।

Bharat Bond ETF: सरकार कल लॉन्च करेगी भारत बॉन्ड ETF का तीसरा चरण, क्या आपको करना चाहिए निवेश?

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि अब तक विश्व के 29 देशों में सार्स-कोवी-2 के ओमीक्रोन वेरिएंट के 373 मामले सामने आए हैं और भारत स्थिति पर नजर रखे हुए है। अधिकारी ने कहा कि यह आकलन करना अभी जल्दबाजी होगी कि क्या ओमीक्रोन कहीं अधिक गंभीर संक्रमण पैदा करता है या यह डेल्टा सहित अन्य वेरिएंटों की तुलना में कम घातक है। WHO ने ओमीक्रोन को चिंता पैदा करने वाला वेरिएंट बताया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।