दुनियाभर को परेशान करने वाले कोरोना वायरस संक्रमण ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की एक बार फिर टेंशन बढ़ा दी है। दिल्ली-NCR में अपने करीबी सोशल नेटवर्क में किसी को कोविड (Covid) होने की सूचना देने वाले लोगों की संख्या में पिछले 15 दिनों में 500 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। एक सर्वे में यह दावा किया गया है। दिल्ली और NCR के कम से कम 19 फीसदी लोगों ने सर्वे में बताया कि उनके करीबी नेटवर्क के एक या एक से अधिक व्यक्ति पिछले 15 दिन में संक्रमण की चपेट में आ गए हैं।
यह सर्वे लोकलसर्कल्स (LocalCircles) नाम की कंपनी ने कराया है। इसमें सामने आया कि कोविड नेटवर्क प्रिवलेंस (COVID network prevalence) पिछले 15 दिन में 500 फीसदी तक बढ़ा है।
फर्म ने बताया कि सर्वे में दिल्ली और NCR के सभी जिलों के 11,743 लोगों से पूछताछ की गई है। इसमें लोगों से पूछा गया कि आपके करीबी सोशल नेटवर्क में बच्चों समेत कितने लोग हैं, जिन्हें पिछले 15 दिन में कोविड हुआ है? जवाब देने वालों में से करीब 70 फीसदी ने कहा, पिछले 15 दिन में कोई भी नहीं। 11 फीसदी लोगों ने कहा - एक या दो। 8 फीसदी लोगों ने कहा - तीन से पांच। वहीं 11 फीसदी अन्य लोगों ने कहा- नहीं बता सकते।
इसी तरह का प्रश्न फर्म ने 2 अप्रैल को भी पूछा था। जिसमें पाया गया था कि सिर्फ 3 फीसदी लोगों के करीबी नेटवर्क में कोई न कोई पिछले 15 दिन में संक्रमित हुआ है। बता दें कि ये सर्वे ऐसे समय में सामने आया है, जब दिल्ली में भी संक्रमण के मामलों में तेजी आई है। बता दें कि देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को 461 नए मामले सामने आए थे और पॉजिटिविटी रेट 5.33 फीसदी थी।
सर्वे में 67 फीसदी पुरुष थे शामिल
LocalCircles ने बताया कि इस सर्वे में 67 फीसदी पुरुष और 33 फीसदी महिलाएं शामिल थीं। इसमें दावा किया गया गै कि सर्वे सिर्फ कानूनी रूप से मान्य नागरिकों (validated citizens) के बीच किया गया है। जो कि लोकलसर्कल्स में रजिस्टर्ड किए गए थे।