Padma Awards 2023: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) ने बुधवार को दिग्गज समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) और मशहूर डॉक्टर दिलीप महालनाबिस (Dilip Mahalanabis) को मरणोपरांत पद्म विभूषण (Padma Vibhushan) से सम्मानित किया। लेखक सुधा मूर्ति, भौतिक विज्ञानी दीपक धर, उपन्यासकार एस.एल. भैरप्पा और वैदिक विद्वान त्रिदंडी चिन्ना जे. स्वामीजी को भी यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में पद्म भूषण (Padma Bhushan) से सम्मानित किया गया।
दीपक धर स्टेस्टिकल फिजिक्स में अपने लंबे रिसर्च करियर के लिए जाने जाते हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत सम्मान दिया गया। वह भारत के रक्षा मंत्री और लंबे समय तक सांसद भी रहे थे।
वहीं, 1971 के बांग्लादेश युद्ध शरणार्थी शिविरों में सेवा करने के लिए अमेरिका से लौटे महालनाबिस को मरणोपरांत सम्मान दिया गया। उन्हें ‘ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन’ (ORS) पर किए गए काम के लिए वैश्विक स्तर पर भी पहचान मिली थी।
मुलायम सिंह यादव के बेटे और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ये पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि महालनाबिस का पुरस्कार उनके भतीजे ने प्राप्त किया।
इसके अलावा फिल्म ‘RRR’ के गीत ‘नाटू नाटू’ (Naatu Naatu) के लिए भारत का पहला ऑस्कर जीतने वाले म्यूजिक डायरेक्टर एम.एम. कीरावानी और बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन को भी पद्मश्री दिया गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुधा मूर्ति को सामाजिक कार्यों के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया। बतौर परोपकारी, प्रसिद्ध लेखिका और मूर्ति फाउंडेशन की चेयरपर्सन, उन्होंने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, कला और संस्कृति, पशु कल्याण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कई बड़े काम किए हैं।
वहीं बिहार के रहने वाले और जानेमाने गणित के शिक्षक आनंद कुमार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया है। उन्होंने गरीब बच्चों को IIT-JEE के एंट्रेस एग्जाम की तैयारी कराने के लिए Super-30 कोचिंग क्लास की शुरुआत की थी।
समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई केंद्रीय मंत्रियों समेत दूसरे अतिथि भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति ने इस साल के गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 106 पद्म पुरस्कार दिए जाने को मंजूरी दी थी।
बुधवार को कुल 53 पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें तीन पद्म विभूषण, पांच पद्म भूषण और 45 पद्म श्री शामिल रहे। बाकी प्रतिष्ठित हस्तियों को 22 मार्च को पद्म पुरस्कार दिए गए थे।