PhonePe vs Paytm: UPI लीडर फोनपे (PhonePe) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी प्रतिद्वंदी कंपनी पेटीएम (Paytm) उसके QR codes जला रही है। PhonePe का आरोप है कि Paytm के कर्मचारियों ने बड़े पैमाने पर फोनपे का QR Codes जला दिया है। PhonePe के प्रवक्ता ने बताया कि यह घटना ग्रेटर नोएडा की है। PhonePe के प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी ने सूरजपुर लखनवाली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
PhonePe ने एक वीडियो के आधार पर शिकायत दर्ज कराई है। इस वीडियो में Paytm के कर्मचारियों को PhonePe के QR Codes जलाते हुए दिखाया गया है। PhonePe के प्रवक्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि वीडियो जो Paytm के कर्मचारी नजर आ रहे हैं उनमें से तीन लोगों को वह पहचान रहा है।
वीडियो में एक शख्स की पहचान Paytm Area Sales Manager (ASM) के तौर पर हुई है। जो तीन लोग वीडियो में नजर आ रहे हैं उनमें से एक फोनपे का पूर्व कर्मचारी है।
इस मामले में मनीकंट्रोल से भेजी गई ईमेल के जवाब में Paytm के प्रवक्ता ने बताया, "यह मामला फोनपे और इसके पूर्व कर्मचारियों का है। कर्मचारियों के इस करतूत की हम निंदा करते हैं। इन कर्मचारियों को पहले ही बर्खास्त कर दिया गया है और इन खिलाफ आगे जांच होगी।"
इस मामले में Paytm ने साफ किया कि यह घटना पूरी तरह फोनपे के पुराने कर्मचारियों ने बदले की भावना से की है। इसमें Paytm का कोई लेनादेना नहीं है। फोनपे ने तीन कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मनीकंट्रोल ने भी शिकायत की यह कॉपी देखी है। फोनपे के प्रवक्ता ने कहा, "हमें पुलिस पर पूरा भरोसा है और वो इस मामले में जरूरी कदम उठा रहे हैं।"