Holi 2024: प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने देशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं

Holi 2024: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लेह में सेना के जवानों के साथ होली मनाई। सिंह ने इस दौरान खराब मौसमी परिस्थितियों से जूझते हुए दुश्मनों से देश की रक्षा करने के लिए उनकी तारीख की। रक्षा मंत्री को पहले दुनिया की सबसे ऊंची रणभूमि सियाचिन जाना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका दौरा रद्द कर दिया गया है

अपडेटेड Mar 24, 2024 पर 6:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Happy Holi 2024: 25 मार्च को देशभर में होली मनाई जाएगी

Happy Holi 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने रविवार (24 मार्च) को देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि स्नेह और सद्भाव के रंगों से सजा यह पारंपरिक पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा एवं नया उत्साह लेकर आए। बता दें कि देश में कल यानी सोमवार (25 मार्च) को होली मनाई जाएगी, जबकि कुछ हिस्सों में मंगलवार (26 मार्च) को भी होली का त्योहार मनाया जाएगा। पीएम मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार (24 मार्च) को लेह में सेना के जवानों के साथ होली मनाई।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "देश के मेरे सभी परिवारजनों को होली की अनेकानेक शुभकामनाएं। स्नेह और सद्भाव के रंगों से सजा यह पारंपरिक पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नया उत्साह लेकर आए।"

राष्ट्रपति ने भी दी बधाई


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी होली की पूर्वसंध्या पर रविवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह त्योहार लोगों के बीच प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देता है। उन्होंने एक संदेश में कहा कि यह त्योहार "हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के लिए भी प्रेरित करता है।"

मुर्मू ने आगे कहा, "होली एक जीवंत और आनंद का त्योहार है, जो हमारे जीवन में आशा और उत्साह भरता है।" राष्ट्रपति ने कहा, "होली के विभिन्न रंग हमारे देश की विविधता का प्रतीक हैं। यह त्योहार लोगों के बीच प्रेम, एकता और भाईचारे की भावनाओं को बढ़ावा देता है। यह त्योहार हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के लिए भी प्रेरित करता है।"

उन्होंने कहा, "रंगों का यह त्योहार हर किसी के जीवन में खुशियां लाए और हम सभी को नए उत्साह के साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करे।" राष्ट्रपति ने कहा, "होली के शुभ अवसर पर, मैं भारत और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को शुभकामनाएं देती हूं।"

राजनाथ सिंह ने लेह में मनाया होली

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार (24 मार्च) को लेह में सेना के जवानों के साथ होली मनाई। सिंह ने इस दौरान खराब मौसमी परिस्थितियों से जूझते हुए दुश्मनों से देश की रक्षा करने के लिए उनकी तारीख की। रक्षा मंत्री को पहले दुनिया की सबसे ऊंची रणभूमि सियाचिन जाना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका दौरा रद्द कर दिया गया है। उनके साथ सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे थे। रक्षा मंत्री ने सैनिकों के माथे पर 'गुलाल' लगाकर तिलक किया। रंगोत्सव मनाने के बाद सैनिकों को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि लद्दाख साहस और बहादुरी की राष्ट्रीय राजधानी है।

राजनाथ सिंह आगे ने कहा, "जैसे कि दिल्ली हमारी राष्ट्रीय राजधानी है, मुंबई आर्थिक राजधानी है और बेंगलुरु प्रौद्योगिकी राजधानी है, उसी तरह लद्दाख भारत की साहस और बहादुरी की राजधानी है।" रक्षा मंत्री ने कहा, "जब हर कोई खराब मौसम के कारण अपने घरों में छिपना चाहता है तो आप अटूट इच्छाशक्ति से अपने दुश्मनों से देश की रक्षा करने के लिए डटे रहते हैं।" उन्होंने कहा कि देश सैनिकों के समर्पण व सेवा के लिए हमेशा उनका ऋणी रहेगा।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: सोशल मीडिया पर छाईं कासरगोड से BJP की महिला उम्मीदवार, 7 भाषाओं में मांग रही हैं वोट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।