Satyendra Jain Video: तिहाड़ जेल से सत्येंद्र जैन का एक और वीडियो आया सामने, देंखे इस बार क्या रहे दिल्ली के मंत्री?

नए CCTV फुटेज में सत्येंद्र जैन जेल के अपने कमरे में कई लोगों से लंबी बातचीत करते हुए देखे जा रहे हैं, इनमें तिहाड़ जेल के तत्कालिक सुप्रिडेंट अजीत कुमार भी शामिल हैं

अपडेटेड Nov 26, 2022 पर 1:58 PM
सत्येंद्र जैन के तिहाड़ जेल से अब तक 4 वीडियो सामने आ चुके हैं

तिहाड़ जेल (Tihar jail) में बंद दिल्ली सरकार के मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) नेता सत्येंद्र जैन (Satyendar Jain) का जेल से एक और सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) सामने आया है। न्यूज एजेंसी ANI की तरफ से शेयर किए इस वीडियो में सत्येंद्र जैन को जेल के अपने कमरे में कई लोगों से बातचीत करते हुए देखा जा रहा है। वीडियो में तिहाड़ जेल के तत्कालिक सुप्रिडेंट अजीत कुमार को भी सत्येंद्र जैन के साथ बातचीत करते देखा गया। अजीत कुमार (Ajit Kumar) को इस महीने की शुरुआत में सत्येंद्र जैन को जेल के अंदर वीआईपी सुविधा मुहैया कराने के आरोप में दिल्ली सेक्रेटरी नरेश कुमार ने सस्पेंड किया था।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुआई वाली दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के इससे पहले ही तिहाड़ जेल से कुछ वीडियो सामने आ चुके हैं, जिसमें वह मसाज लेते और जेल के अंदर उचित भोजन लेते हुए देखे गए थे।

BJP ने साधा निशाना

सत्येंद्र जैन का ये वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब दिल्ली में MCD चुनाव के लिए अगले हफ्ते वोटिंग होनी है। वीडियो के सामने आने के भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधा है। दिल्ली से बीजेपी सांसद परवेश साहिब सिंह ने कहा, "अगर किसी कैदी से मिलने जेल सुपरीटेंडेंट जाए तो वह खड़ा होता है और एक उनके बीच में प्रोटोकॉल होता है मगर सत्येंद्र जैन आज भी दिल्ली के मंत्री पद पर बैठे हुए हैं इसलिए जेल का सुपरिटेंडेंट आज भी उनकी हाजिरी भरता है।"


यह भी पढ़ें- Adani Group के ओपन ऑफर के चौथे दिन NDTV में जोरदार तेजी, अपर सर्किट पर बंद हुए शेयर

उन्होंने आगे कहा, "सत्येंद्र जैन के लॉयर कह रहे हैं उनकी तबीयत ठीक नहीं है और वह खाना नहीं खा रहे इसलिए उनका 28 किलो वजन कम हो गया पर उनका वजन घट नहीं रहा बल्कि बढ़ रहा है।"

सत्येंद्र जैन का जेल में 8 किलो वजन बढ़ा!

बता दें कि सत्येंद्र जैन के वकील ने हाल ही में आरोप लगाया था कि सत्येंद्र जैन का जेल में करीब 28 किलो वजन घट गया है। हालांकि इसके बाद आए वीडियो में सत्येंद्र जैन को जेल में प्रॉपर खाना खाते हुए देखा गया था। साथ ही जेल के सूत्रों ने यह भी दावा किया था कि सत्येंद्र जैन का वजन घटने की जगह जेल में आने के बाद 8 किलो बढ़ा है।

CM अरविंद केजरीवाल ने वीडियो पर दी ये प्रतिक्रिया

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इन वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "MCD का चुनाव बड़ा साफ होता जा रहा है। भाजपा के 10 वीडियो बनाम केजरीवाल के 10 काम। जनता को तय करना है कि उनको भाजपा के 10 वीडियो चाहिए या केजरीवाल के 10 काम चाहिए। 4 तारीख को चुनाव हैं। दिल्ली की जनता इन सब वीडियो के जवाब दे देगी।"

सत्येंद्र जैन के वीडियो को आप नीचे देख सकते हैं-

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।