Amit Shah: विधानसभा चुनाव में BJP की हार के बाद पहली बार बंगाल पहुंचे अमित शाह, क्या पार्टी में मची भगदड़ पर लगेगी रोक?

पिछले साल मार्च-अप्रैल में हुए विधानसभा चुनावों के बाद अमित शाह का ये पहली बंगाल यात्रा है

अपडेटेड May 05, 2022 पर 1:51 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
विधानसभा चुनाव में सत्ता तक न पहुंच पाने के बाद BJP के कई बड़े नेता पार्टी छोड़ चुके हैं

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) अपने दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंच चुके हैं। गुरुवार सुबह 10.30 बजे के आसपास अमित शाह बंगाल की राजधानी कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे, जहां BJP नेताओं ने उनका स्वागत किया। आपको बता दें कि पिछले साल मार्च-अप्रैल में हुए विधानसभा चुनावों के बाद अमित शाह का ये पहली बंगाल यात्रा है। इस दौरान वह पार्टी के प्रदेश नेताओं और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की कोशिश करेंगे।

इस दौरे के दौरान शाह संगठनात्मक कामकाज और राजनीतिक हालात की समीक्षा करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री के इस दौरे से बीजेपी अपने राज्य संगठन में नई जान फूंकने की तैयारी में है, ताकि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए स्थिति मजबूत की जा सके।

अधिकारियों ने बताया दो दिवसीय दौरे के दौरान शाह भारत-बांग्लादेश सीमा से लगे अग्रिम इलाकों का दौरा करेंगे। इसके अलावा, एक जनसभा को संबोधित करेंगे और पश्चिम बंगाल से बीजेपी के सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे।


BJP के कई नेता छोड़ चुके हैं पार्टी

विधानसभा चुनाव में सत्ता तक न पहुंच पाने के बाद BJP के कई बड़े नेता पार्टी छोड़ चुके हैं। ऐसे में बीजेपी के लिए राज्य संगठन को मजबूत करने के साथ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के मुकाबले अपने कार्यकर्ताओं को मजबूती देना बेहद जरूरी हो गया है।

ये भी पढ़ें- Weather Update: देश के सभी हिस्सों में कम हुआ गर्मी का प्रकोप, इन राज्यों में अगले दो दिन गरज के साथ होगी मूसलाधार बारिश

शाह शुक्रवार को संस्कृति मंत्रालय द्वारा कोलकाता के प्रतिष्ठित विक्टोरिया मेमोरियल में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम 'मुक्ति-मातृका' में भी शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले गृह मंत्री गुरुवार सुबह राज्य में एक ‘फ्लोटिंग बॉर्डर आउट पोस्ट’ (BOP) पर एक नाव एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाएंगे।

BSF जवानों से करेंगे बातचीत

उन्होंने बताया कि वह हरिदासपुर बीओपी में मैत्री संग्रहालय की आधारशिला रखेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार शाम शाह सिलीगुड़ी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को गृह मंत्री तीन बीघा जाएंगे और कूच-बिहार जिले के ढेकियाबाड़ी बीओपी में सीमा सुरक्षा बल (BSF) जवानों से बातचीत करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता लौटने के बाद वह पश्चिम बंगाल से बीजेपी के सांसदों, विधायकों और राज्य पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। शाह का पश्चिम बंगाल का दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पार्टी राज्य में अपने संगठनात्मक तंत्र को मजबूत करने का प्रयास कर रही है। बीजेपी सूत्रों ने बताया कि वह वहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय भी जाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।