Weather Update: देश के सभी हिस्सों में कम हुआ गर्मी का प्रकोप, इन राज्यों में अगले दो दिन गरज के साथ होगी मूसलाधार बारिश

महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और राजस्थान के कुछ इलाकों में शुक्रवार से फिर से गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है

अपडेटेड May 05, 2022 पर 12:46 PM
Story continues below Advertisement
ओलावृष्टि और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है

Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि देश के सभी हिस्सों में गर्मी का प्रकोप कम हुआ है। बुधवार को ओलावृष्टि और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। राजस्थान, पंजाब, दिल्ली तथा हरियाणा में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आई है। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के किसी भी हिस्से में अगले 5 दिन तक भीषण गर्मी की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, ओलावृष्टि, बारिश का असर एक दिन और बना रहेगा। IMD अधिकारियों ने कहा कि शुक्रवार से तापमान में वृद्धि शुरू होगी और रविवार से लू की स्थिति लौटेगी। बता दें कि दिल्ली-NCR के कई इलाकों में बुधवार को बारिश और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि होने की सूचना मिली है। इन इलाकों में करीब 50 किलोमीटर की गति से तेज हवाएं चलीं।

दिल्ली सहित कई राज्यों में हुई ओलावृष्टि और हल्की बारिश


मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, बुधवार को पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सो, उत्तरी राजस्थान और पश्चिम एवं मध्य उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि और हल्की बारिश हुई साथ ही धूल भरी हवाएं चलीं। दिल्ली को लेकर मौसम विभाग ने 4 मई को धूल भरी आंधी या तूफान की भविष्यवाणी की है।

ये भी पढ़ें- Afghanistan: तालिबान ने महिलाओं के गाड़ी चलाने पर लगाई रोक, ड्राइविंग लाइसेंस न बनाने का जारी किया फरमान

मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत के अधिकतर हिस्सों में अगले दो से तीन दिन तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव का पूर्वानुमान नहीं है। इसके बाद पारे का स्तर दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।

इन राज्यों में बारिश के आसार

पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले दो दिन कहीं-कहीं हल्की बारिश, धूल भरी आंधी और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही मौसम विभाग ने कहा है कि महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और राजस्थान के कुछ इलाकों में शुक्रवार से फिर से गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है।

गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड

बता दें कि देशभर में अनेक स्थानों पर अप्रैल में सर्वकालिक रूप से तापमान उच्च स्तर पर रहा है और पारे का स्तर 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के बांदा में 29 अप्रैल को 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो अप्रैल महीने का सबसे अधिक तापमान था।

यूपी में इलाहाबाद, झांसी और लखनऊ, हरियाणा में गुरुग्राम तथा मध्य प्रदेश के सतना में अप्रैल के लिए तापमान पिछले शुक्रवार को क्रमश: 46.8 डिग्री सेल्सियस, 46.2 डिग्री, 45.1 डिग्री, 45.9 डिग्री और 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।