'मुझे कोई बधाई मत दीजिए': दिल्ली की कमान मिलने पर ऐसा क्यों बोलीं आतिशी?

New CM of Delhi: दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की मंत्री आतिशी को उनके स्थान पर अगला मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव रखा जिसे AAP विधायकों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के अपने फैसले की घोषणा की थी

अपडेटेड Sep 17, 2024 पर 1:42 PM
Story continues below Advertisement
New CM of Delhi: आम आदमी पार्टी (AAP) की वरिष्ठ नेता आतिशी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी

New Chief Minister of Delhi: आम आदमी पार्टी (AAP) की वरिष्ठ नेता आतिशी को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री बनाया गया है। AAP की विधानमंडल बैठक में मंगलवार (17 सितंबर) को यह फैसला लिया गया। दिल्ली विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद AAP नेता आतिशी ने मंगलवार (17 सितंबर) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनाना है। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि मुझे कोई बधाई मत दीजिएगा। कोई माला मत पहनाइए। ये हमारे लिए दुख की घड़ी है।

अरविंद केजरीवाल को अपना "गुरु" बताते हुए दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि उनका लक्ष्य अगले विधानसभा चुनावों में AAP प्रमुख को फिर से शीर्ष पद पर निर्वाचित कराना है। उन्होंने यह भी कहा कि मैं अगले चुनाव तक ही सीएम रहूंगी। इसके बाद फिर से केजरीवाल को ही मुख्यमंत्री बनाना है। आतिशी ने उत्तराधिकारी चुने जाने के बाद कहा कि दिल्ली में केवल एक ही मुख्यमंत्री है। वह अरविंद केजरीवाल हैं।

बीजेपी पर बोला हमला


दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के रूप में चुने जाने के बाद अपनी पहली टिप्पणी में आतिशी ने केजरीवाल के खिलाफ "झूठे मामले" दर्ज करने और उन्हें छह महीने तक जेल में रखने के लिए बीजेपी पर भी हमला बोला। मीडिया को संबोधित करते हुए आतिशी ने कहा, "दिल्ली में केवल एक ही मुख्यमंत्री है और वह हैं अरविंद केजरीवाल... दिल्ली के लोग, आप विधायक और मैं केवल एक ही लक्ष्य के साथ काम करेंगे वह है अरविंद केजरीवाल को फिर से दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाना।"

केजरीवाल का जताया आभार

दिल्ली AAP विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद आतिशी ने कहा, "सबसे पहले मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री और मेरे गुरु अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करना चाहती हूं जिन्होंने मुझे इतनी बड़ी ज़िम्मेदारी दी और मुझ में भरोसा दिखाया। ये सिर्फ AAP में हो सकता है जहां फर्स्ट टाइम पॉलिटिशियन एक राज्य की मुख्यमंत्री बनी।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं एक सामान्य परिवार से आती हूं। अगर किसी और पार्टी में होती तो शायद चुनाव की टिकट भी नहीं मिलती। जितना सुख आज मेरे मन में है उससे ज्यादा दुख भी मेरे मन में है क्योंकि अरविंद केजरीवाल आज इस्तीफा दे रहे हैं। दिल्ली की 2 करोड़ जनता की तरफ से मैं जरूर कहना चाहती हूं कि दिल्ली का एक ही मुख्यमंत्री है और उसका नाम अरविंद केजरीवाल है।"

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने कहा कि पार्टी मंगलवार शाम को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद वरिष्ठ पार्टी नेता आतिशी के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के लिए दावा करेगी।

आप के विधायक दल की बैठक मंगलवार को केजरीवाल के आवास पर हुई। बैठक में केजरीवाल ने आतिशी को अपनी उत्तराधिकारी चुनने का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।

इसके बाद आप ने आतिशी को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा की। आप की दिल्ली इकाई के संयोजक राय ने कहा कि नए मंत्रिमंडल पर फैसला पार्टी बाद में लेगी।

ये भी पढ़ें- Delhi's New CM: आतिशी होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, सीएम अरविंद केजरीवाल की लेंगी जगह

उन्होंने कहा कि केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आप विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल उपराज्यपाल वी के सक्सेना से मिलेगा। इस दौरान दिल्ली में नई सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।