प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार राज्य के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य सरकार में मंत्री पद के रूप में शपथ लेने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को भी बधाई दी। पीएम ने विश्वास जताया कि बिहार सरकार की नई टीम पूरे समर्पण भाव से राज्य के लोगों की सेवा करेगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शपथग्रहण समारोह के बाद कहा, "...8 नेताओं ने आज मंत्री पद की शपथ ली और बाकी को जल्द ही शामिल किया जाएगा। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है।"
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "बिहार में बनी NDA सरकार राज्य के विकास और यहां के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी।" उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री और सम्राट चौधरी जी एवं विजय सिन्हा जी को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर मेरी बहुत-बहुत बधाई। मुझे विश्वास है कि यह टीम पूरे समर्पण भाव से राज्य के मेरे परिवारजनों की सेवा करेगी।"
बता दें कि जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को रिकॉर्ड नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने उन्हें पटना स्थित राजभवन में पद की शपथ दिलाई। नीतीश कुमार के साथ BJP नेता विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी ने नई सरकार में मंत्री पद की शपथ ली।
नीतीश कुमार ने इससे पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देते हुए कहा था कि महागठबंधन और विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. में उनके लिए चीजें ठीक नहीं चल रही थी। बाद में उन्होंने BJP के साथ नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।
नौवीं बार सीएम पद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार ने कहा, "...जहां थे वहीं फिर आ गए हैं और अब इधर-उधर जाने का कोई सवाल नहीं।" वहीं, शपथग्रहण के बाद बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "लोकसभा चुनाव में बिहार की 40 की 40 सीटें जीतेंगे... 2020 में हम चुनाव जीतकर लालू प्रसाद यादव के पूरे परिवार को हराकर आए थे, आगे भी हराएंगे।"