Bihar: पटना पुलिस की लाठीचार्ज में BJP नेता विजय कुमार सिंह की मौत, जेपी नड्डा ने नीतीश कुमार पर बोला हमला

Patna Lathicharged: मृतक बीजेपी नेता की पहचान विजय कुमार सिंह के रूप में हुई है। पटना के डाकबंगला चौराहे पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस के लाठीचार्ज में बीजेपी नेता की मौत हो गई। पुलिस की पिटाई से बुरी तरह घायल सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निधाना साधा है

अपडेटेड Jul 13, 2023 पर 4:21 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Bihar: रिपोर्ट के अनुसार, मृतक बीजेपी नेता की पहचान विजय कुमार सिंह के रूप में हुई है

बिहार (Bihar) में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर नीतीश कुमार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पटना पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक नेता की मौत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, मृतक बीजेपी नेता की पहचान विजय कुमार सिंह के रूप में हुई है। पटना के डाकबंगला चौराहे पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस के लाठीचार्ज में बीजेपी नेता की मौत हो गई। पुलिस की पिटाई से बुरी तरह घायल सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

इस जानकारी की पुष्टि राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने की की। बीजेपी नेता सुशील मोदी ने भी पार्टी नेता की मौत पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। बीजेपी नेताओं पर उस वक्त लाठीचार्ज किया गया जब वे 'विधानसभा मार्च' निकाल रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें कीं और आंसू गैस छोड़े।

घटना के बाद बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निधाना साधा। नड्डा ने हिंदी में ट्वीट किया, "बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पटना में हुआ लाठीचार्ज राज्य सरकार की विफलता और बौखलाहट का नतीजा है। महागठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार के किले को बचाने के लिए लोकतंत्र पर हमला कर रही है। जिस व्यक्ति पर चार्जशीट हुई है, उसको बचाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री अपनी नैतिकता तक भूल गये हैं।"


बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि पुलिस द्वारा लाठीचार्ज के कारण हमारी पार्टी के एक कार्यकर्ता की मृत्यु हो गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। हम पुलिस के खिलाफ हत्या का आरोप दर्ज कराएंगे।' इस सबके लिए नीतीश कुमार जिम्मेदार हैं।"

बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "कल हम राज्यपाल के पास जाएंगे और राज्यसभा मार्च करेंगे। इन भ्रष्टाचारियों को एक भी दिन सरकार में रहने का अधिकार नहीं है। इन्होंने शिक्षकों के साथ भी लाठीचार्ज की और उनकी आवाज़ को दबाने का काम किया। 10 लाख रोज़गार देने के सवाल पर यह लोग बौखलाकर लाठी बरसाते हैं। हम राज्यपाल जी से इनके ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की अपील करेंगे।"

वहीं, बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा, "लोकतंत्र की हत्या हो रही है और नीतीश कुमार ने हमारे कार्यकर्ताओं की हत्या की है। नीतीश कुमार जी पर (IPC की धारा) 302 का मुकदमा चलाने का काम करेंगे। आप लाठी चलाएं या फिर गोली, बीजेपी का कार्यकर्ता नहीं रुकेंगे।"

ये भी पढ़ें- Delhi Flood: दिल्ली के सभी स्कूल-कॉलेज और यूनिवर्सिटी 16 जुलाई तक बंद, वर्क फ्रॉम होम की सलाह

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।