Delhi Flood: दिल्ली के सभी स्कूल-कॉलेज और यूनिवर्सिटी 16 जुलाई तक बंद, वर्क फ्रॉम होम की सलाह

Delhi Flood: दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर एहतियाती कदम के रूप में राज्य सरकार ने सिंधु बार्डर सहित शहर की चारों सीमाओं से आवश्यक सामान लाने वाले वाहनों को छोड़कर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं, दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर यमुना बैंक स्टेशन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और उसकी स्पीड भी सीमित कर दी गई है

अपडेटेड Jul 13, 2023 पर 3:16 PM
Delhi Flood: यमुना का पानी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के कारण गुरुवार को दिल्ली सचिवालय सहित शहर के कई प्रमुख इलाकों में पानी भर गया

Delhi Flood: यमुना नदी में जलस्तर के 208.48 मीटर तक पहुंचने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को राजधानी के सभी स्कूलों को बंद करने की घोषणा की। यमुना का स्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के साथ दिल्ली के सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी रविवार तक बंद रहेंगे। साथ ही एसेंशियल सेवा देने वाले सरकारी दफ्तर को छोड़कर बाकी सभी सरकारी दफ्तर रविवार तक वर्क फ्रॉम होम पर चलेंगे। प्राइवेट दफ्तर को भी रविवार तक वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दी गई है। दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात के मद्देनजर गुरुवार को दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की बैठक के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी जानकारी

यमुना का पानी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के कारण गुरुवार को दिल्ली सचिवालय सहित शहर के कई प्रमुख इलाकों में पानी भर गया, जिससे सामान्य जनजीवन तथा ट्रैफिक प्रभावित हो गया। अधिकारियों को बचाव एवं राहत कार्यों को अंजाम देने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि DDMA की बैठक हुई थी जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए हैं। स्कूल, विश्वविद्यालय को रविवार तक के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है। सरकारी दफ्तर जो अत्यावश्यक सेवाएं देतें हैं उनको छोड़कर सभी अन्य सरकारी दफ्तरों को घर से काम करने के लिए कहा गया है। नीजि दफ्तरों से भी इसकी अपील की गई है। अगले एक-दो दिन दिल्ली के लोगों को पानी की दिक़्कत होने वाली है।


यमुना का जलस्तर 208.53 मीटर तक पहुंचा

अधिकारियों ने बताया कि सुबह 10 बजे यमुना का जलस्तर 208.53 मीटर तक पहुंच गया, जिससे 45 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर बुधवार रात 208 मीटर के निशान को पार कर गया था। गुरुवार सुबह आठ बजे तक बढ़कर 208.48 मीटर हो गया। केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा कि यमुना में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और आस-पास की सड़कों में पानी भर रहा है, ऐसे में लोगों को वहां नहीं जाने की सलाह दी जाती है। उन्होंने लोगों से आपात स्थिति में एक-दूसरे की मदद करने का भी अनुरोध किया।

भारी वाहनों की एंट्री बैन

दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर एहतियाती कदम के रूप में राज्य सरकार ने सिंधु बार्डर सहित शहर की चारों सीमाओं से आवश्यक सामान लाने वाले वाहनों को छोड़कर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। ट्विटर पर परिवहन विभाग द्वारा जारी आदेश की एक कॉपी शेयर करते हुए उन्होंने कहा, ''यमुना नदी में असामान्य रूप से बढ़ते जल स्तर को देखते हुए एहतियात के तौर पर सिंघू बॉर्डर, बदरपुर बॉर्डर, लोनी बॉर्डर और चिल्ला बॉर्डर से भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।''

ये भी पढ़ें- Delhi Flood: दिल्ली में बाढ़ से हाहाकार! सचिवालय में भरा पानी, स्कूल-ऑफिस और 3 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद, मेट्रो भी प्रभावित

गहलोत ने एक ट्वीट में कहा, ''वहीं हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर, उत्तराखंड से आने वाली अंतरराज्यीय बसें आईएसबीटी कश्मीरी गेट न जाकर सिंघू बॉर्डर पर ही रुक जाएंगी।'' उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाओं जैसे खाद्य पदार्थ और पेट्रोलियम उत्पादों को लाने वाले वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं है।

मेट्रो भी प्रभावित

दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर यमुना बैंक स्टेशन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और उसकी स्पीड भी सीमित कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों ने बताया कि यमुना बैंक स्टेशन की ओर आने वाली सड़क पर पहुंच भी अभी संभव नहीं है। केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अनुसार, पानी के और बढ़ने की आशंका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।