Delhi Flood Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद कई इलाके एवं सड़कें जलमग्न हो गई हैं। यमुना का जल स्तर बढ़ने से गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में पानी भर गया, जहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनके मंत्रिमंडल और अन्य वरिष्ठ नौकरशाहों के आवास-कार्यालय हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उन्हें दिल्ली सचिवालय में पानी भरने की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि वे स्थिति को लेकर यातायात पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। पुराना किला के पास के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। बाढ़ के कारण ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ है।
मयूर विहार फेज 1 के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घूसने के कारण कई लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। लोगों ने फ्लाइओवर ने नीचे शरण ली है। इस बीच, यमुना में जलस्तर के 208.48 मीटर तक पहुंचने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को उन इलाकों में स्कूलों को बंद करने की घोषणा की, जहां पानी भर गया है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, "दिल्ली के जिन इलाकों में पानी भर रहा है वहां पर सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद किए जा रहे हैं।"
इस बीच, दिल्ली में बढ़ते पानी की वजह से यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर एंट्री-एग्जिट बंद कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो की ओर से जानकारी दी गई है कि यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर की वजह से यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर एंट्री-एग्जिट बंद हो गई है। हालांकि मेट्रो की ब्लू लाइन सामान्य तौर पर काम कर रही है।
DMRC ने ट्वीट किया, "यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। हालांकि इंटरचेंज सुविधा अभी भी उपलब्ध है और ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।" DMRC ने एक अन्य ट्वीट किया, "यमुना के बढ़ते जल स्तर के कारण, एहतियात के तौर पर ट्रेनें नदी पर बने सभी चार मेट्रो पुलों से 30 किमी प्रति घंटे की प्रतिबंधित गति से गुजर रही हैं।"
3 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद
सीएम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "पहली बार दिल्ली में यमुना इस स्तर पर पहुंची है। अभी 3 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद हो गए हैं, क्योंकि पानी मशीनों में घुस गया है। पानी कम होने के बाद मशीनों को सुखाया जाएगा। इससे दिल्ली का पानी करीब 25% कम हो जाएगा। दिल्ली में 1-2 दिन पानी की किल्लत रह सकती है। मुझे उम्मीद है कि कल शाम तक प्लांट शुरू हो जाएगा।"
इसके अलावा सीएम ने एक ट्वीट में लिखा, "यमुना में बढ़ते जल स्तर की वजह से वज़ीराबाद, चन्द्रावल और ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़ रहे हैं। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाक़ों में पानी की परेशानी होगी। जैसे ही यमुना का पानी कम होगा, इन्हें जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश करेंगे।"
केजरीवाल ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, "यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। अब पानी 208.46 मीटर पर पहुंच गया है। बढ़ते हुए जलस्तर के कारण, पानी यमुना के आस पास की सड़कों पर आ गया है। आपसे अनुरोध है कि इन रास्तों पर ना जाएं। जिन आबादी वाले इलाकों में पानी भरा है, वहां से लोगों को निकाला जा रहा है। वहां रहने वालों से अनुरोध है कि प्रशासन का सहयोग करें। लोगों की जान बचाना सर्वाधिक जरूरी है।"
तेजी से बढ़ रहा यमुना का जलस्तर
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर गुरुवार सुबह बढ़कर 208.48 मीटर पर पहुंच गया, जिससे आसपास की सड़कें, सार्वजनिक एवं निजी बुनियादी ढांचे जलमग्न हो गए और नदी के पास रहने वाले लोगों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। यमुना में जलस्तर रविवार को सुबह 11 बजे 203.14 मीटर से बढ़कर सोमवार शाम पांच बजे 205.4 मीटर पहुंच गया, जो उम्मीद से 18 घंटे पहले खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया। सोमवार रात नदी का जलस्तर 206 मीटर के निशान को पार कर गया था। बुधवार दोपहर एक बजे तक नदी का जलस्तर 207.49 मीटर के निशान और रात 10 बजे यह 208 मीटर के निशान को पार कर गया।