Zubeen Garg Death: सिंगर जुबीन गर्ग मौत मामले की जांच करेगी असम पुलिस, कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज

Zubeen Garg Death Case: सिंगर जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि देने और शोक संतप्त परिवार का ढांढस बंधाने के लिए शनिवार (20 सितंबर) को विभिन्न वर्गों के सैकड़ों लोग उनके गुवाहाटी स्थित उनके आवास पर पहुंचे। परिजनों के साथ बड़ी संख्या में लोग सिंगापुर से सिंगर के पार्थिव शरीर के पहुंचने का इंतजार करते दिखे

अपडेटेड Sep 20, 2025 पर 9:38 PM
Story continues below Advertisement
Zubeen Garg Death Case: सिंगर जुबीन गर्ग की शुक्रवार को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय दुखद निधन हो गया

Zubeen Garg Death Case: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार (20 सितंबर) को कहा कि राज्य सरकार मशहूर सिंगर जुबीन गर्ग की मौत के मामले की जांच कराएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने DGP हरमीत सिंह को गर्ग की मौत के मामले में राज्य भर में दर्ज सभी FIR को CID को ट्रांसफर करने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि राज्य भर में दर्ज सभी FIR को मिलाकर एक केस दर्ज करके मामले की जांच CID को सौंपी जाएगी। शर्मा ने कहा कि उन्होंने भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग से भी बात की है। सिंगर की मौत की परिस्थितियों की विस्तृत जांच का अनुरोध किया है।

सिंगर जुबीन गर्ग की मौत के बाद असम के कई जिलों में FIR दर्ज की गई है। पहली FIR 'नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल' के आयोजक श्यामकानु महंत और सिंगर के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा के खिलाफ मोरीगांव थाने में दर्ज की गई। इसमें आरोप लगाया गया कि वे (आरोपी) एक साजिश के तहत जुबीन को गाने के बहाने विदेश ले गए, लेकिन उनका मकसद उसे मारना था। उन्होंने बताया कि तब से, राज्य भर में कई FIR दर्ज की जा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री शर्मा ने X पर एक पोस्ट में कहा, "हमारे प्रिय ज़ुबीन गर्ग के दुर्भाग्यपूर्ण और असामयिक निधन के संबंध में श्यामकानु महंत और सिद्धार्थ शर्मा के खिलाफ कई FIR दर्ज की गई हैं। मैंने DGP को सभी FIR सीआईडी ​​को सौंपने और गहन जांच के लिए एक समेकित मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है।" शर्मा ने पत्रकारों से कहा, "असम पुलिस जुबीन गर्ग की मौत की जांच करेगी और महंत एवं शर्मा दोनों के साथ-साथ सिंगर के आखिरी क्षणों में उनके साथ मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।"


उन्होंने कहा, "ऐसी खबरें हैं कि गर्ग को घटना से एक रात पहले एक पार्टी में ले जाया गया था और हम इसकी सत्यता का पता लगाने की भी कोशिश कर रहे हैं।" गर्ग का शुक्रवार को सिंगापुर में समुद्र में डूबने से निधन हो गया था। घटना के समय उन्होंने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी।

मुख्यमंत्री ने X पर एक अन्य पोस्ट में कहा, "मैंने सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग से बात की और हमारे प्रिय जुबीन गर्ग के असामयिक निधन के कारणों की विस्तृत जांच का अनुरोध किया। उन्होंने मुझे इस संबंध में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।" सिंगापुर के अधिकारियों ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है।

CM ने कहा, "चूंकि घटनास्थल भारत नहीं था, इसलिए अगर कोई आपराधिक पहलू है तो हम उस देश से जानकारी लेंगे और अगर उन्हें गलत इरादे से असम से ले जाया गया था, तो हम इस पहलू की जांच करेंगे।"

ये भी पढ़ें- Zubeen Garg: जुबीन गर्ग का आखिरी वीडियो देख फैंस के छलके आंसू, मौत से पहले भी गा रहे थे गाना

उन्होंने कहा, "राज्य सरकार गर्ग की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच करेगी। अगर किसी के पास कोई जानकारी है या वह गवाह बनना चाहता है, तो उसके लिए सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी।"

Akhilesh Nath Tripathi

Akhilesh Nath Tripathi

First Published: Sep 20, 2025 9:29 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।