BJP को 2020-21 में मिला सबसे ज्यादा चंदा, जानें किस पार्टी को कितना मिला डोनेशन

वित्त वर्ष 2020-21 में BJP को 477.5 करोड़ रुपये का चंदा मिला, जबकि विपक्षी दल कांग्रेस को 74.50 करोड़ रुपए चंदे के रूप में मिले। राजनीतिक दलों को 20 हजार रुपये से अधिक के चंदे से जुड़ी जानकारी देनी होती है

अपडेटेड Jun 01, 2022 पर 11:04 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
निर्वाचन आयोग ने दलों की चंदे से संबंधित रिपोर्ट मंगलवार को सार्वजनिक की

केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) को वित्त वर्ष 2020-21 में 477.5 करोड़ रुपये का चंदा मिला। जबकि इस दौरान मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को 74.50 करोड़ रुपये चंदे के रूप में मिले। इस तरह से अगर देखा देखा जाए तो केंद्र के साथ देश के करीब 20 राज्यों में सत्ताधारी बीजेपी देश की सबसे अमीर पार्टी बनी हुई है। निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों की चंदे से संबंधित रिपोर्ट मंगलवार को सार्वजनिक की।

रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी को कई इकाइयों, चुनावी ट्रस्ट और व्यक्तियों से 4,77,54,50,077 रुपये का चंदा मिला। बीजेपी ने वित्त वर्ष 2020-21 में मिले चंदे की रिपोर्ट गत 14 मार्च को आयोग को सौंपी थी।

कांग्रेस को मिले चंदे की रिपोर्ट के अनुसार, उसे विभिन्न इकाइयों और व्यक्तियों से 74,50,49,731 रुपये का चंदा मिला। निर्वाचन कानून के प्रावधानों के मुताबिक, राजनीतिक दलों को 20 हजार रुपये से अधिक के चंदे से जुड़ी जानकारी देनी होती है।


ये भी पढ़ें- Ram Mandir: अयोध्या पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ ने रखा राम मंदिर के गर्भगृह का पहला पत्थर

दोनों पार्टियों के अलावा बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) को 26 दानदाताओं से 42.51 करोड़ रुपये मिले। इसके बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को 79 दानदाताओं से 26.26 करोड़ रुपये से अधिक मिले। वहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) को 226 दानदाताओं से 12.85 करोड़ रुपये मिले।

रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी के पास वित्तीय वर्ष 2019-20 में 4,847 करोड़ रुपए की संपत्ति थी। ये देश की सभी राजनीतिक पार्टियों में सबसे अधिक संपत्ति है। वहीं, कांग्रेस ने इसी वित्तीय वर्ष में अपनी संपत्ति 588.16 करोड़ रुपये घोषित की थी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।