'चीटिंग से गई थीं, भगवान ने आपको सजा दी' विनेश फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने पर बृज भूषण ने पहलवान पर साधा निशाना

विनेश फोगाट और पहलवान बजरंग पुनिया शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए और इसके एक दिन बाद ही बृज भूषण ने ये बयान दिया। जहां फोगाट को आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए जुलाना से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा गया, वहीं पुनिया को अखिल भारतीय किसान कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया

अपडेटेड Sep 07, 2024 पर 3:33 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
विनेश फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने पर बृज भूषण ने पहलवान पर साधा निशाना

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और BJP नेता बृज भूषण शरण सिंह ने ओलंपिक पहलवान विनेश फोगट पर 'धोखाधड़ी' से खेलों में भाग लेने का आरोप लगाया। सिंह ने कहा कि भगवान ने उसे 'सजा' दी, इसलिए वो टूर्नामेंट नहीं जीत सकी। विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने बृज भूषण के खिलाफ महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। पूर्व WFI अध्यक्ष ने कहा, “मैं विनेश फोगाट से पूछना चाहता हूं कि क्या कोई खिलाड़ी एक दिन में 2 वेट कैटेगरी में ट्रायल दे सकता है। क्या वेट-इन के बाद 5 घंटे तक ट्रायल रोका जा सकता है?...आपने कुश्ती नहीं जीती, आप चीटिंग कर के वहां गए थे। भगवान ने आपको इसकी सजा दी है।"

विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) और पहलवान बजरंग पुनिया शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए और इसके एक दिन बाद ही बृज भूषण ने ये बयान दिया। जहां फोगाट को आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए जुलाना से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा गया, वहीं पुनिया को अखिल भारतीय किसान कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

'बिना ट्रायल के एशियाई खेलों में गए पुनिया'


बीजेपी नेता ने हमला तेज करते हुए आरोप लगाया कि बजरंग पुनिया ने ट्रायल पूरा किए बिना ही एशियाई खेलों में हिस्सा लिया।

बृज भूषण ने कहा, खेल के क्षेत्र में हरियाणा भारत का मुकुट है और उन्होंने लगभग 2.5 सालों तक कुश्ती बंद कर दीं। क्या यह सच नहीं है कि बजरंग एशियाई खेलों में बिना ट्रायल के गए थे? मैं उन लोगों से पूछना चाहता हूं जो कुश्ती में विशेषज्ञ हैं।”

उन्होंने कहा कि वह 'बेटियों के अपमान' के दोषी नहीं हैं और कहा, "अगर बेटियों के अपमान का कोई दोषी है, तो वह बजरंग और विनेश हैं और जिसने इसकी पटकथा लिखी, भूपिंदर हुडा इसके लिए जिम्मेदार हैं।”

सच साबित हुआ, कांग्रेसी की साजिश है: बृज भूषण

बृज भूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Singh) ने दावा किया कि यह बात सच साबित हुई कि उनके खिलाफ महिला पहलवानों का आंदोलन कांग्रेस प्रायोजित था।

गोंडा के डुमरियाडीह में एक प्राइवेट स्कूल में स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम में पूर्व सांसद ने अपने संबोधन में कहा, "मेरे खिलाफ जब महिला पहलवानों ने आरोप लगाए थे, मैंने तभी बोल दिया था कि यह कांग्रेस की साजिश है। हरियाणा के बड़े नेता दीपेंद्र हुड्डा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा हमारे खिलाफ साजिश कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "मैंने जो बात पहले दिन कही थी, आज भी उसी पर कायम हूं और आज वही बात पूरा देश कह रहा है। अब मुझे इस बारे में ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है।"

सिंह ने कहा, "इस प्रकरण पर ज्यादा नहीं बोलूंगा, नहीं तो यह बात तुरंत हरियाणा पहुंच जाएगी। इस समय पूरा देश इंतजार कर रहा है कि बृजभूषण शरण सिंह इस मुद्दे पर कुछ बोलें।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।