रेसलर विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) और बजरंग पूनिया (Bajrang Punia) ने शुक्रवार, 6 सितंबर को कांग्रेस पार्टी को जॉइन कर लिया। फोगाट को हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए जुलाना से टिकट भी मिल गया है। विनेश के विपक्षी पार्टी में शामिल होने पर भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने दावा किया कि यह बात सच साबित हुई कि उनके खिलाफ महिला पहलवानों का आंदोलन कांग्रेस की साजिश थी। 2023 में सिंह पर महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाते हुए आंदोलन किया था।
सिंह ने कहा, ‘‘मैंने जो बात पहले दिन कही थी, आज भी उसी पर कायम हूं, और आज वही बात पूरा देश कह रहा है। अब मुझे इस बारे में ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है।'' इससे एक दिन पहले सिंह ने कहा था, ‘‘मेरे खिलाफ जब महिला पहलवानों ने आरोप लगाए थे, मैंने तभी बोल दिया था कि यह कांग्रेस की साजिश है। हरियाणा के बड़े नेता दीपेंद्र हुड्डा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा हमारे खिलाफ साजिश कर रहे हैं।''
'सोच रहे हैं कि हरियाणा से चुनाव जीत जाएंगे...'
पूर्व सांसद ने शुक्रवार को कहा कि यह लोग राजनीति को हवा समझते हैं। सोच रहे हैं कि हरियाणा से विधानसभा चुनाव जीत जाएंगे। हरियाणा में किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ जाएं, BJP का एक छोटा सा प्रत्याशी इनको चुनाव हरा देगा। उन्होंने कहा, ''पार्टी का निर्देश मिला तो मैं भी हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रचार करने जाऊंगा। मेरा दावा है कि इनके समाज के लोगों का मुझे सबसे ज्यादा सहयोग मिलेगा। मैं उनके सामने भी भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए तैयार हूं।''
सिंह ने कहा, ''लोकसभा चुनाव के दौरान ही हरियाणा के लोग कह रहे थे कि आप आकर यहां से (हरियाणा से) चुनाव लड़िए, हम आपको विजयी बनाएंगे, लेकिन उस समय मैंने उन लोगों को मना कर दिया था।'' सिंह ने दावा किया, ‘‘इन पहलवानों ने कुश्ती के बल पर पूरे देश में अपना नाम रोशन किया था। अब कांग्रेस में शामिल होने के बाद इनका नाम समाप्त हो जाएगा।''
पहलवानों के साथ मिलकर कांग्रेस ने किया कुश्ती का सत्यानाश
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ''पहलवानों को न्याय दिलाने के नाम पर कांग्रेस के कई नेता धरने में शामिल हुए। एक के बाद एक कई पहलवानों को अपना मोहरा बना लिया। इस देश की कुश्ती का सत्यानाश भी पहलवानों के साथ मिलकर कांग्रेस ने ही किया है।''
विनेश ने निजी कारणों का हवाला देते हुए भारतीय रेलवे की नौकरी से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस को जॉइन किया। पार्टी में शामिल होने के बाद विनेश फोगाट ने कहा, ‘‘बुरे समय में पता चलता है कि कौन अपना है। जब हमें सड़कों पर घसीटा जा रहा था, तब BJP को छोड़कर सभी विपक्षी दलों ने साथ दिया।’’
टाडा कानून के तहत तिहाड़ जेल जा चुके हैं बृजभूषण शरण सिंह
वर्ष 1996 में मुंबई में एक आपराधिक मामले में पूर्व सांसद सिंह की टाडा कानून के तहत गिरफ्तारी हुई थी और तब वह तिहाड़ जेल में बंद थे। उनकी जगह भाजपा ने लोकसभा चुनाव में गोंडा से उनकी पत्नी केतकी सिंह को उम्मीदवार बनाया था और वह सांसद बनी थीं। इस बार लोकसभा चुनाव में महिला पहलवानों के आरोपों के बाद भाजपा ने बृजभूषण शरण सिंह को कैसरगंज से टिकट न देकर उनके बेटे करण भूषण सिंह को उम्मीदवार बनाया।