भारत राष्ट्र समिति (BRS) की MLC और तेलंगाना (Telangana) के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (KCR) की बेटी के कविता (K Kavitha) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन जांच के तहत शुक्रवार को हैदराबाद में के कविता के परिसरों पर छापेमारी की थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर दिल्ली लाया जा रहा है।
रिपोर्टों के मुताबिक, ED अधिकारियों और BRS नेता KTR, जो कविता के भाई भी हैं, के बीच बहस शुरू हो गई, जब जांच एजेंसी ने बीआरएस नेता को गिरफ्तारी मेमो दिया। केटीआर ने आरोप लगाया कि ईडी ने कविता के खिलाफ "अवैध गिरफ्तारी वारंट" पेश किया। ED अधिकारियों ने KTR से कहा कि वह टीम के काम में "बाधा" न डालें।
फिलहाल ये साफ नहीं है कि क्या यह कार्रवाई अब रद्द की जा चुकी दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मामले के संबंध में है या नहीं? ED ने इस मामले में तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव की बेटी कविता से पूछताछ की थी।
ED ने दावा किया था कि कविता शराब कारोबारियों की लॉबी ‘साउथ ग्रुप’ से जुड़ी हुई थीं, जो 2021-22 के लिए दिल्ली आबकारी नीति में एक बड़ी भूमिका निभाने की कोशिश कर रही थी। यह नीति अब रद्द की जा चुकी है।
ED की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए BRS प्रवक्ता श्रवण दासोजू ने आरोप लगाया कि छापे राजनीति से प्रेरित हैं और के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली पार्टी के नेताओं को परेशान करने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे से मिले हुए हैं।