Bypoll Election Results: उपचुनाव में 7 में से 4 अहम सीटों पर BJP की जीत, 1-1 सीट पर RJD, TRS और उद्धव कैंप का कब्जा

Bypoll Election Results: जिन सीटों पर 3 नवंबर को उपचुनाव कराया गया था, उनमें मोकामा (Mokama), गोपालगंज (Gopalganj), गोला गोकर्णनाथ (Gola Gorakhnath), धामनगर (Dhamnagar), मुनूगोड़े (Murugode), अंधेरी ईस्ट (Andheri East) और आदमपुर (Adampur) शामिल हैं

अपडेटेड Nov 06, 2022 पर 10:12 PM
Bypoll Election Results: उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को चार सीटों पर जीत मिल चुकी है

Bypoll Election Results 2022 Live News Updates: छह राज्यों में सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ चुके हैं। सात में से चार अहम सीटों पर BJP ने जीत दर्ज की है। बिहार के गोपालगंज (Gopalganj), यूपी के गोला गोकर्णनाथ (Gola Gorakhnath), हरियाणा की आदमपुर (Adampur) और ओडिशा की धामनगर (Dhamnagar) सीट पर BJP ने जीत दर्ज कर ली है। जबकि बिहार के मोकामा (Mokama) में RJD, मुंबई की अंधेरी ईस्ट (Andheri East) पर उद्धव कैंप और तेलंगाना की मुनूगोड़े (Murugode) सीट पर TRS को जीत मिली है।

इन सीटों पर आए नतीजे

बिहार - मोकामा (Mokama) और गोपालगंज (Gopalganj)

यूपी- गोला गोकर्णनाथ (Gola Gorakhnath)


ओडिशा- धामनगर (Dhamnagar)

तेलंगाना- मुनूगोड़े (Murugode)

महाराष्ट्र- अंधेरी ईस्ट (Andheri East)

हरियाणा- आदमपुर (Adampur)

4 सीटों पर बीजेपी का कब्जा, 1-1 पर RJD, शिवसेना और TRS की जीत, देखिए लाइव रिजल्ट...

- TRS (तेलंगाना राष्ट्र समिति) के उम्मीदवार कुसुकुंतला प्रभाकर रेड्डी ने तेलंगाना में मुनूगोडे उपचुनाव में 10,309 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

- BJP ने नवीन पटनायक की पार्टी BJD प्रत्याशी को हराकर ओडिशा की धामनगर विधानसभा सीट बरकरार रखी है। BJP के सूर्यवंशी सूरज ने और बीजू जनता दल के अबंती दास को 9,881 वोट से हरा दिया है।

- हरियाणा के आदमपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी के युवा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई ने शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम कांग्रेस के उम्मीदवार जयप्रकाश (जेपी ) को 15,740 वोटों के अंतर से हरा दिया है।

- बिहार की गोपालगंज विधानसभा सीट पर बीजेपी ने जीत हासिल की है। बीजेपी उम्मीदवार कुसुम देवी ने अपने निकटतम RJD प्रत्याशी को 2,183 वोटों के अंतर से हरा दिया है।

- मुंबई की अंधेरी (पूर्वी) विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की उम्मीदवार ऋतुजा लटके ने जीत हासिल कर ली है। मतों की गिनती के बारे में एक अधिकारी ने बताया कि मतगणना अब पूरी हो चुकी है।

- बिहार के मोकामा विधानसभा उपचुनाव में RJD उम्मीदवार नीलम देवी ने 16,741 मतों के अंतर से जीत हासिल की है।

- ओडिशा की धामनगर सीट पर BJP की बढ़त बरकरार है। भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार, सूर्यवंशी सूरज 5 हजार से ज्यादा मतों से आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर राज्य में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल के अंवती दास हैं। जबकि, तीसरे नंबर पर निर्दलीय राजेंद्र कुमार दास है।

- हरियाणा की आदमपुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार भव्य बिश्नोई ने जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी जय प्रकाश को मात दी। खास बात है कि यह सीट बिश्नोई परिवार के पास 5 दशक से ज्यादा समय से है।

- उत्तर प्रदेश के गोला विधानसभा उपचुनाव में हुए मुकाबले के बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अमन गिरी ने समाजवादी पार्टी को चुनाव हरा दिया है। बीजेपी के अमन गिरी ने सपा के विनय तिवारी को 34,298 वोट से मात दी है।

- उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को चार सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है। बिहार में दो सीटों पर हुए उपचुनावों का परिणाम घोषित हो चुका है। बिहार की गोपालगंज सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी ने जीत हासिल की है। बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी ने RJD के मोहन प्रसाद को हरा दिया है। बिहार के उपचुनाव में मुख्य मुकाबला बीजेपी और आरजेडी के बीच ही माना जा रहा था। तेलंगाना में बीजेपी और टीआरएस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। यहां टीआरएस प्रत्याशी मात्र 714 वोटों से आगे चल रहे हैं।

- गोला गोकर्णनाथ उपचुनाव के रुझानों के मुताबिक बीजेपी के अमन गिरी 76,765 वोटों से आगे चल रहे हैं। जबकि समाजवादी पार्टी के विनय तिवारी 50,640 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा धामनगर विधानसभा उपचुनाव में चौथे राउंड के रुझानों के मुताबिक बीजेपी के सूर्यवंशी सूरज 18,181 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं। आदमपुर उपचुनाव के रुझानों के मुताबिक बीजेपी उम्मीदवार भव्य बिश्नोई 22,279 वोटों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी जय प्रकाश 15,880 मतों से पीछे चल रहे हैं।

किस राज्य में किससे था मुकाबला?

इन सीटों में हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के परिवार का गढ़ रहा आदमपुर (Adampur) भी शामिल था। उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे भजन लाल के पोते भव्य बिश्नोई और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की नीलम देवी प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं। नीलम देवी के पति अनंत सिंह को अयोग्य ठहराने के बाद बिहार के मोकामा (Mokama) में उपचुनाव कराना पड़ा।

जिन अन्य सीटों पर तीन नवंबर को उपचुनाव कराया गया था, उनमें बिहार की गोपालगंज (Gopalganj), महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट (Andheri East), तेलंगाना की मुनूगोड़े (Murugode), उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ (Gola Gorakhnath) और ओडिशा की धामनगर (Dhamnagar) सीट शामिल है। जिन सात सीटों पर उपचुनाव हुए हैं, उनमें से तीन बीजेपी के पास थीं, जबकि दो सीटों पर कांग्रेस का कब्जा था। वहीं, शिवसेना और RJD के पास एक-एक सीट थी।

बिहार के उपचुनाव में मुख्य मुकाबला बीजेपी और RJD के बीच है, जबकि हरियाणा में बीजेपी का मुकाबला कांग्रेस, आईएनएलडी और आम आदमी पार्टी (AAP) से है। BJP का तेलंगाना में मुकाबला तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) से, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (SP) से और ओडिशा में बीजू जनता दल (BJD) से है। बीजेपी गोला गोकर्णनाथ सीट और धामनगर सीट बरकरार रखना चाहती है और उसने सहानुभूति पाने के लिए उन मौजूदा विधायकों के बेटों को मैदान में उतारा है, जिनके निधन के कारण उपचुनाव जरूरी हुआ।

गोला गोकर्णनाथ सीट बीजेपी विधायक अरविंद गिरि के निधन के कारण छह सितंबर को खाली हो गई थी। इस सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने हिस्सा नहीं लिया, इसलिए सपा उम्मीदवार और गोला गोकर्णनाथ के पूर्व विधायक विनय तिवारी और भाजपा के अमन गिरि के बीच सीधा मुकाबला है।

ये भी पढ़ें- Gurugram: नोएडा के ट्विन टावर की तरह गुरुग्राम का चिंटेल्स पैराडीसो टावर होगा ध्वस्त, जानिए वजह

धामनगर सीट पर कुल पांच प्रत्याशियों में इकलौती महिला उम्मीदवार बीजू जनता दल (BJD) की अबंती दास हैं। इस सीट पर BJP विधायक बिष्णु चरण सेठी के निधन के कारण उपचुनाव हुआ। भाजपा ने सेठी के बेटे सूर्यबंशी सुराज को मैदान में उतारा है। तेलंगाना के मुनूगोड़े में बीजेपी और सत्तारूढ़ टीआरएस ने आक्रामक प्रचार किया। इस सीट पर कांग्रेस विधायक ने इस्तीफा दे दिया था और अब वह भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

भजन लाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफा देकर कांग्रेस से बीजेपी में शामिल होने के कारण आदमपुर सीट पर उपचुनाव जरूरी हुआ। आदमपुर सीट पर वर्ष 1968 से भजन लाल परिवार का कब्जा है। अदामपुर सीट से दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल नौ बार और उनकी पत्नी जस्मा देवी एक बार तथा उनके बेटे कुलदीप चार बार विधायक रहे।

वहीं, बिहार की मोकामा सीट पर इसके पहले आरजेडी का कब्जा था, जबकि गोपालगंज सीट RJD के पास थी। मोकामा सीट से बीजेपी पहली बार चुनाव मैदान में है, क्योंकि इसके पहले पार्टी ने यह सीट अपने सहयोगियों को दे दी थी। बीजेपी और आरजेडी दोनों ने ही स्थानीय बाहुबली नेताओं की पत्नी को मैदान में उतारा है। मोकामा सीट से बीजेपी ने सोनम देवी को टिकट दिया था।

बिहार की गोपालगंज सीट से BJP ने कुसुम देवी को मैदान में उतारा है, जो दिवंगत विधायक सुभाष सिंह की पत्नी हैं। यहां से RJD के उम्मीदवार मोहन गुप्ता और BSP की उम्मीदवार इंदिरा यादव हैं। इंदिरा पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के साले साधु यादव की पत्नी हैं।

महाराष्ट्र में अंधेरी (पूर्व) से शिवसेना की रुतुजा लटके के उपचुनाव जीतने के आसार हैं, क्योंकि बीजेपी ने खुद को मुकाबले से बाहर कर लिया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और कांग्रेस ने लटके की उम्मीदवारी का समर्थन किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।