Land For Job Scam Case: जमीन के बदले नौकरी घोटाले मामले में CBI ने लालू यादव के खिलाफ दायर की चार्जशीट

सीबीआई ने पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और 14 अन्य के खिलाफ रेलवे में उनके कार्यकाल के दौरान कथित तौर पर जमीन के बदले नौकरी घोटाले में शुक्रवार को चार्जशीट दाखिल किया

अपडेटेड Oct 07, 2022 पर 9:27 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
केंद्रीय जांच एजेंसी ने इसी साल 18 मई को इस मामले में FIR दर्ज की थी

Land For Job Scam Case: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जमीन के बदले नौकरी घोटाले मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। चार्जशीट में सीबीआई ने लालू प्रसाद यादव के अलावा बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी सहित 14 अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया है।

लैंड फॉर जॉब घोटाला यूपीए-1 सरकार में लालू यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान का है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने इसी साल 18 मई को इस मामले में FIR दर्ज की थी। इस FIR में लालू यादव समेत उनके परिवार के चार लोगों को आरोपी बनाया गया है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि सीबीआई ने पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और 14 अन्य के खिलाफ रेलवे में उनके कार्यकाल के दौरान कथित तौर पर जमीन के बदले नौकरी घोटाले में शुक्रवार को चार्जशीट दाखिल किया।


ये भी पढ़ें- शिंजियांग के मुसलमानों पर चीनी अत्याचार के खिलाफ भारत ने वोट क्यों नहीं किया? विदेश मंत्रालय ने दिया ये जवाब

अधिकारी ने कहा कि लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती और रेलवे के एक पूर्व महाप्रबंधक को भी हाल ही में सीबीआई की एक विशेष अदालत के समक्ष दायर चार्जशीट में आरोपी के रूप में नामित किया गया है।

केंद्रीय एजेंसी ने 23 सितंबर, 2021 को रेलवे में कथित भूमि के बदले नौकरी घोटाले से संबंधित प्रारंभिक जांच दर्ज की थी, जिसे 18 मई को एक FIR में बदल दिया गया था। केंद्रीय एजेंसी के अनुसार, उम्मीदवारों को कथित तौर पर रेलवे अधिकारियों द्वारा अनुचित हड़बड़ी में आवेदन करने के तीन दिनों के भीतर ग्रुप-D पदों पर विकल्प के रूप में नियुक्त किया गया था।

आरोप है कि बाद में उन व्यक्तियों ने स्वयं या उनके परिवार के सदस्यों ने अपनी जमीन ट्रांसफर कर दी थी। एजेंसी का आरोप है कि यह ट्रांसफर राबड़ी देवी और बेटियों मीसा भारती एवं हेमा यादव के नाम पर किया गया था। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि पटना में करीब 1.05 लाख वर्ग फुट जमीन प्रसाद के परिवार के सदस्यों ने विक्रेताओं को नकद भुगतान कर अधिग्रहित की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।