Credit Cards

Chandrababu Naidu Arrest: चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के खिलाफ TDP ने आज बंद का किया आह्वान

Chandrababu Naidu Arrest: CID की टीम ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को शनिवार सुबह करीब 6 बजे नंदयाल शहर के ज्ञानपुरम स्थित आर के फंक्शन हॉल के बाहर से कौशल विकास निगम घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था। तेलुगू देशम पार्टी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि नारा चंद्रबाबू नायडू की अवैध गिरफ्तारी, पार्टी कार्यकर्ताओं पर अत्याचार और प्रतिशोध की राजनीति के विरोध में तेलुगू देशम पार्टी ने 11 सितंबर, सोमवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है

अपडेटेड Sep 11, 2023 पर 10:18 AM
Story continues below Advertisement
Chandrababu Naidu Arrest: चंद्रबाबू नायडू को राजामहेंद्रवरम केंद्रीय जेल में शिफ्ट कर दिया गया है

Chandrababu Naidu Arrest: तेलुगू देशम पार्टी (TDP) ने सरकारी धन के दुरुपयोग मामले में पार्टी प्रमुख एवं आंध्र प्रदेश में के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू (N Chandrababu Naidu) की गिरफ्तारी के विरोध में आज यानी सोमवार (11 सितंबर) को राज्यव्यापी बंद (Andhra Pradesh Bandh) का आह्वान किया है। TDP की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के अत्चन्नायडू ने पार्टी कार्यकर्ताओं, लोगों और नागरिक समाज से आंदोलन में भाग लेने और इसे सफल बनाने का अनुरोध किया।

विजयवाड़ा की एक स्थानीय अदालत ने रविवार को करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार घोटाले में चंद्रबाबू नायडू को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। नायडू को उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह सभी सुविधाओं से लैस अपनी बस में सो रहे थे।

तेलुगू देशम पार्टी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि नारा चंद्रबाबू नायडू की अवैध गिरफ्तारी, पार्टी कार्यकर्ताओं पर अत्याचार और प्रतिशोध की राजनीति के विरोध में तेलुगू देशम पार्टी ने 11 सितंबर, सोमवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।


CID की टीम ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को शनिवार सुबह करीब 6 बजे नंदयाल शहर के ज्ञानपुरम स्थित आर के फंक्शन हॉल के बाहर से कौशल विकास निगम घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था। नायडू को उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह सभी सुविधाओं से लैस अपनी विशेष बस में सो रहे थे।

आंध्र प्रदेश के अपराध जांच विभाग (CID) के प्रमुख एन. संजय ने शनिवार को कहा था कि नायडू को कौशल विकास निगम में धन के कथित दुरुपयोग से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है, जिससे राज्य सरकार को 300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

ये भी पढ़ें- Chandrababu Naidu Arrested: चंद्रबाबू नायडू को 23 सितंबर तक के लिए भेजा गया जेल, भ्रष्टाचार मामले में हुए थे गिरफ्तार

नायडू को राजामहेंद्रवरम केंद्रीय जेल में शिफ्ट कर दिया गया है, जो विजयवाड़ा से लगभग 200 किलोमीटर दूर है। अदालत ने टीडीपी प्रमुख को घर में नजरबंद करने की मांग वाली याचिका पर आदेश सुरक्षित रख लिया।

चंद्रबाबू की गिरफ्तारी के लगभग 36 घंटे बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की एक अदालत ने रविवार शाम करीब 6 बजकर 50 मिनट पर रिमांड आदेश जारी किया। आंध्र प्रदेश के अतिरिक्त महाधिवक्ता पी. सुधाकर रेड्डी ने पीटीआई को बताया कि यह 370 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का स्पष्ट मामला है। अदालत ने हमारी दलीलें स्वीकार कीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।