Punjab Election Results 2022: पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की गणना के शुरुआती रूझान में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) चमकौर साहिब और भदौड़ दोनों विधानसभा सीटों पर पीछे चल रहे हैं। पंजाब की 117 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है।
वहीं, पंजाब के पांच बार के मुख्यमंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता प्रकाश सिंह बादल अपने गढ़ लाम्बी विधानसभा सीट पर 1,416 मतों से पीछे चल रहे हैं। लाम्बी सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार गुरमीत सिंह खुडियां आगे चल रहे हैं।
पंजाब विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी (AAP) सबसे आगे चल रही है। यहां तक कि AAP ने रुझानों में बहुमत हासिल कर लिया है। पंजाब में शुरुआती रुझान में आम आदमी पार्टी (AAP) 90 सीटों पर, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) पांच और शिरोमणि अकाली दल (SAD) 9 सीट पर आगे चल रही हैं। इसके अलावा कांग्रेस 13 सीटों पर आगे चल रही है।
विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 फरवरी को हुआ था। राज्य में इस बार अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (आप) एक प्रमुख दावेदार के रूप में उभरी है, जबकि कांग्रेस बहुकोणीय मुकाबले में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।
चुनाव बाद हुए कई सर्वेक्षणों में ‘आप’ के अगली सरकार बनाने का अनुमान जताया गया है, जबकि कुछ ने त्रिशंकु विधानसभा का पूर्वानुमान लगाया है। इस बार, 93 महिलाओं और दो ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,304 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में इस बार 71.95 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले तीन विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार सबसे कम मतदान हुआ था।