राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल होंगी कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश पहुंचेगी यात्रा

प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) केवल चंदौली में ही राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के साथ नहीं होंगी, बल्कि जब तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा यूपी में रहेगी, वे बीच-बीच में उसमें शामिल होती रहेंगी। वे अमेठी और रायबरेली में भी यात्रा में साथ होंगी। यही कारण है कि अब प्रियंका गांधी के रायबरेली से चुनावी मैदान में उतरने की चर्चाओं को बल मिलने लगा है

अपडेटेड Feb 16, 2024 पर 6:15 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा मुलुगु में विजयभेरी यात्रा के दौरान पैदल चलते हुए

कांग्रेस (Congress) नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' (Bharat Jodo Nyay Yatra) शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाली है। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) भी UP के चंदौली में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल होंगी। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यात्रा के बिहार से राज्य में प्रवेश करने के बाद वह उत्तर प्रदेश के चंदौली में अपने भाई के साथ शामिल होंगी।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में मणिपुर से मुंबई तक ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाली जा रही है। यात्रा फिलहाल बिहार में है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ बृहस्पतिवार को 33वें दिन में प्रवेश कर गई और रात में बिहार के सासाराम में रुकेगी।

रमेश के अनुसार, शुक्रवार शाम को यात्रा उत्तर प्रदेश में होगी। उन्होंने ये भी साफ किया कि उत्तर प्रदेश में यात्रा के समय में कटौती नहीं की गई है। यह आठ दिनों के लिए 16-21 फरवरी तक और फिर 24-25 फरवरी तक उत्तर प्रदेश में रहेगी।


रमेश ने कहा कि 22 और 23 फरवरी यात्रा के लिए विश्राम के दिन हैं और 24 और 25 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यात्रा फिर से शुरू होगी।

कुछ ऐसा होगा प्रियंका गांधी का शेड्यूल

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा शुक्रवार को राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगी, जो शाम को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी।

पूर्व-पश्चिम मणिपुर-मुंबई यात्रा 15 राज्यों से होकर 6,700 किलोमीटर की दूरी तय कर रही है और इसका मकसद रास्ते में आम लोगों से मिलते हुए "न्याय" के संदेश को उजागर करना है।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो प्रियंका गांधी केवल चंदौली में ही राहुल गांधी के साथ नहीं होंगी, बल्कि जब तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा यूपी में रहेगी, वे बीच-बीच में उसमें शामिल होती रहेंगी। वे अमेठी और रायबरेली में भी यात्रा में साथ होंगी। यही कारण है कि अब प्रियंका गांधी के रायबरेली से चुनावी मैदान में उतरने की चर्चाओं को बल मिलने लगा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।