महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ आज कांग्रेस का हल्लाबोल, जंतर-मंतर को छोड़कर पूरी नई दिल्ली में धारा 144 लागू

कांग्रेस पार्टी के बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों ने विजय चौक पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

अपडेटेड Aug 05, 2022 पर 10:23 AM
जंतर मंतर को छोड़कर नई दिल्ली जिले के पूरे इलाके में धारा 144 लागू की गई है

महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के देशव्यापी विरोध के आह्वान से पहले दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को छोड़कर नई दिल्ली जिले में CrPC की धारा 144 लागू कर दी है। बता दें कि हंगाई, बेरोजगारी और बढ़ी हुई जीएसटी दरों के खिलाफ कांग्रेस शुक्रवार को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है।

कांग्रेस ने शुक्रवार को अखिल भारतीय विरोध प्रदर्शन करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आवासों के बाहर प्रदर्शन करने का फैसला किया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इसका खंडन किया था।

दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद, पार्टी नेताओं ने कहा कि वे अपने प्रस्तावित विरोध मार्च के साथ आगे बढ़ेंगे। इस बीच पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली के 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर पहुंचने लगे हैं। पुलिस ने भी कड़ी निगरानी रखी है और पार्टी मुख्यालय के बाहर सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस वक्त कांग्रेस मुख्यालय के अंदर सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद हैं।


ये भी पढ़ें- Covid19 से बचाव में वैक्सीन अकेली कारगर नहीं, Ramdev ने फिर एलोपैथी पर साधा निशाना

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन करेगी जिसके तहत कांग्रेस कार्य समिति (CWC) के सदस्यों एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का प्रधानमंत्री आवास का ‘घेराव करने’ की योजना है।

मुख्य विपक्षी दल के अनुसार, कांग्रेस के लोकसभा और राज्यसभा सदस्य संसद भवन से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि राष्ट्रपति भवन तक मार्च की अनुमति मांगी गई है और उम्मीद है कि पार्टी के 80 से अधिक सांसदों को वहां तक शांतिपूर्वक जाने दिया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।