MCD Election 2022: दिल्ली नगर निगम चुनाव की तारीखों का ऐलान, 4 दिसंबर को मतदान, 7 दिसंबर को आएंगे नतीजे

MCD Election 2022: दिल्ली में नगर निगम (MCD) के चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। दिल्ली चुनाव आयुक्त विजय देव ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर को वोटिंग होगी और 7 दिसंबर को मतगणना होगी

अपडेटेड Nov 04, 2022 पर 4:36 PM
MCD Election 2022: दिल्ली चुनाव आयुक्त ने एमसीडी चुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए बताया कि 250 में से 104 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित है

MCD Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनावों (Gujarat Elections 2022) की तारीखों की घोषणा के एक दिन बाद दिल्ली नगर निगम चुनाव का भी ऐलान हो चुका है। 4 दिसंबर (December 4) को दिल्ली एमसीडी चुनाव के लिए मतदान होगा। जबकि 7 दिसंबर (December 7) को चुनाव के नतीजे आएंगे। दिल्ली चुनाव आयुक्त (Delhi Election Commissioner) विजय देव (Vijay Dev) ने शुक्रवार को दिल्ली एमसीडी चुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए बताया कि 250 में से 104 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित है। वहीं, MCD की 250 सीटों में से अनुसूचित जाति (SC) के लिए 42 सीटें आरक्षित की गई हैं।

आचार संहिता लागू

चुनाव आयुक्त ने बताया कि इस बार निगर निकाय चुनाव में 13,635 मतदान केंद्र होंगे। उन्होंने कहा कि आज यानी शुक्रवार से ही चुनाव आचार संहिता लागू हो गया है। दिल्ली में 7 नवंबर से नामांकन शुरू हो जाएंगे। जबकि 14 नवंबर नामांकन की आखिरी तारीख होगी।


चुनाव आयुक्त ने बताया कि 1 करोड़ 46 लाख 73 हजार मतदाताओं को इस बार शामिल किया गया है। एमसीडी चुनाव EVM से होगा। इस दौरान नोटा का भी इस्तेमाल होगा। आज से चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। खर्च की सीमा हर वार्ड में 8 लाख रुपये तय की गई है।

250 सीटों हुई सीटों की संख्या

केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा दिल्ली नगर निगम के वार्डों के पुनर्निर्धारण से संबंधित एक अधिसूचना जारी के बाद राष्ट्रीय राजधानी में नगर निगम (MCD) चुनाव के वार्डों की कुल संख्या 272 से घटकर 250 हो गई है। दिल्ली में तीनों नगर निगमों के मर्जर के बाद यह पहला चुनाव होगा।

MCD पर BJP पर कब्जा

पिछले 15 सालों से दिल्ली नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का शासन है। इस चुनाव के लिए तीनों मुख्य पार्टियों बीजेपी, कांग्रेस और आप ने निगम के 250 वार्ड के लिए अपने उम्मीदवार के चयन और रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है।

ये भी पढ़ें- BJP ने AAP पर लगाया भ्रष्टाचार का नया आरोप, मजदूरों के लिए आवंटित 3,000 करोड़ रुपये की हेराफेरी करने का आरोप

खबरों के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी को उम्मीदवारी के लिए 1,000 से भी ज्यादा एप्लीकेशन मिल चुके हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई ने चुनाव से पहले शहर के 10 लाख से ज्यादा परिवारों से संपर्क साधने के लिए ‘हर घर संपर्क (Har Ghar Sampark)’ अभियान शुरू किया है।

BJP Vs AAP

जहांगीरपुरी के आजादपुर वार्ड से अभियान की शरूआत करते हुए बीजेपी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी ‘स्वच्छ इरादों’ के साथ दिल्ली की जनता की सेवा करने को प्रतिबद्ध है।

दिल्ली बीजेपी के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेव ने बताया कि अभियान के तहत दिल्ली बीजेपी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता आने वाले दिनों में 13,000 से ज्यादा मतदान केंद्रों में से प्रत्येक के 100 घरों में जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह अभियान 6 नवंबर को समाप्त होगा।

BJP ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पूरे दम-खम के साथ मैदान में उतरी अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) को एक साथ कई मोर्चों पर घेरने की तैयारी शुरू कर दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।