आम आदमी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल के साथ बदसलूकी मामले में गुरुवार को कई बड़े घटनाक्रम सामने आए। पहला, दिल्ली के एडिशनल पुलिस कमिश्नर स्पेशल सेल और एडिशनल डीसीपी नॉर्थ स्वाति मालीवाल के घर पहुंचे। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक (PA) विभव कुमार पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। दूसरा ये अपडेट ये है कि राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने स्वाति मालीवाल के आरोप परकेजरीवाल के PA विभव कुमार को बृहस्पतिवार को समन जारी किया।
दिल्ली महिला आयोग (DCW) की पूर्व प्रमुख और वर्तमान में आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) ने आरोप लगाया था कि सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के अंदर उनके पीए विभव कुमार ने उन पर हमला किया था। उन्होंने पीसीआर कॉल भी की और मारपीट की शिकायत की भी।
कल NCW के सामने होना होगा पेश
वहीं NCW के समन के मुताबिक, विभव कुमार (Bibhav Kumar) की सुनवाई शुक्रवार सुबह 11 बजे होगी।
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने "पूर्व DCW प्रमुख स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया" टाइटल वाले एक मीडिया पोस्ट का स्वत: संज्ञान लिया।
इन आरोपों के चलते आयोग ने एक नोटिस जारी किया, जिसमें इस बात पर जोर दिया गया कि समन का पाल नहीं किए जाने पर जरूरी समझा गया, तो आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
इस घटना ने विवाद और अटकलों को जन्म दे दिया है, क्योंकि मुख्यमंत्री कार्यालय के एक प्रमुख व्यक्ति कुमार को मालीवाल जैसी प्रमुख सार्वजनिक हस्ती के गंभीर आरोपों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने पहले कहा था कि मालीवाल सोमवार को सिविल लाइंस पुलिस थाने गईं और आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के निजी स्टाफ के एक सदस्य ने मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर उनके साथ "मारपीट" की। हालांकि, उन्होंने इस मामले में अभी तक औपचारिक शिकायत नहीं दर्ज कराई है।
आम आदमी पार्टी ने भी ये स्वीकार किया कि विभव कुमार ने CM हाउस पर स्वाति मालीवाल के साथ बदतमीजी की थी। इसी कड़ी में मंगलवार को आप नेता संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और कहा कि मालीवाल के साथ हुई घटना बेहद निंदनीय है।