देश में जारी कोरोना के कहर पर लगाम लगाने के लिए पूरे देश में वैक्सीनेशन का कार्यक्रम चलाया जा रहा है लेकिन देश में निर्मित वैक्सीन की संख्या देश की जनसंख्या के लिए लिहाज से कम पड़ रही है। इसलिए वैक्सीनेशन के कार्यक्रम की गति धीमी हो रही है। वैक्सीन के लिए केंद्र पर पूरी तरह से निर्भर नहीं रहते हुए कई राज्यों ने विश्व के दूसरे देशों से वैक्सीन मंगाने के लिए निविदा जारी करना शुरू कर दिया है।
इसी कड़ी में दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने वैक्सीन की कमी को देखते हुए अब विदेशों से वैक्सीन खरीदने की योजना बनाई है। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग ने 1 करोड़ डोज के लिए ग्लोबल टेंडर जारी किया है। जिससे राज्य के लोगों का टीकाकरण तेजी से किया जा सके।
एबीपी न्यूज में छपी खबर के मुताबिक टेंडर जारी करने के लिए बिड करने की आखिरी तारीक 7 जून है। वैक्सीन प्रोक्योरमेंट के लिए जारी टेंडर में कोरोना वायरस वैक्सीन के अंतर्राष्ट्रीय मनुफैक्चरर्स और उनके अधिकृत एजेंट्स से वैक्सीन इम्पोर्ट करने के लिए टेक्नो-कमर्शियल प्रपोजल मांगे गए हैं।
जारी की गई ग्लोबल टेंडर के मुताबिक निविदाकार अपने प्रस्ताव सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी और डीजीएचसी, दिल्ली सरकार के पास 7 जून की शाम 5 बजे तक भेज सकते हैं। इसके लिए वैक्सीन को ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DGCI) की मान्यता मिली होनी जरूरी है। वहीं सप्लाई आर्डर जारी होने के पहले 7 दिन, 8-15 दिन, 16-23 दिन, 24-31 दिन और 31-45 दिन के भीतर वो कितनी डोज की आपूर्ति करेंगे इसकी भी जानकारी प्रपोजल में देनी होगी।