चुनाव आयोग (EC) ने अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) और सिक्किम (Sikkim) विधानसभा चुनावों (Assembly Elections 2024) के लिए मतगणना की तारीख चार जून से बदलकर दो जून कर दी है। आयोग ने पहले घोषणा की थी कि दोनों विधानसभा चुनावों की मतगणना चार जून को लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) की मतगणना के साथ की जाएगी।
आयोग ने कहा कि क्योंकि दोनों विधानसभाओं का कार्यकाल दो जून को खत्म हो रहा है, इसलिए तारीख बदल दी गई है। आयोग ने कहा, “अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कार्यक्रम के संबंध में कोई बदलाव नहीं होगा।” आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भी संसदीय चुनावों के साथ विधानसभा चुनाव होने हैं।
क्या है सिक्कम में चुनाव का शेड्यूल?
EC के शेड्यूल के अनुसार, सिक्किम में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ 19 अप्रैल को होंगे। इस हिमालयी राज्य में लोकसभा की केवल एक और विधानसभा की 32 सीटें हैं।
EC के मुताबिक, चुनाव का नोटिफिकेशन 20 मार्च को जारी किया जाएगा, जिसके बाद नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 27 मार्च है, जबकि 28 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। आयोग ने कहा कि नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 30 मार्च है। वोटों की गिनती अब 2 जून को होगी।
अरुणाचल प्रदेश में कब होंगे चुनाव?
वहीं अरुणाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 19 अप्रैल को होगा। निर्वाचन आयोग ने शनिवार को यह घोषणा की।
आयोग के मुताबिक, विधानसभा चुनाव का नोटिफिकेशन 20 मार्च को जारी होगा, जिसके बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 27 मार्च है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को की जाएगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 30 मार्च है।
अरुणाचल प्रदेश में दो लोकसभा सीटें और 60 सदस्यीय विधानसभा है। राज्य की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल दो जून को खत्म हो रहा है।
पिछले चुनाव में BJP ने राज्य की दोनों लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी। विधानसभा में, BJP ने 41 सीट जीतीं, जबकि जनता दल (यूनाइटेड) ने सात सीट, NPP ने पांच और कांग्रेस ने चार सीट पर जीत दर्ज की थी। वहीं, PPA ने एक सीट जीती, जबकि दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत हासिल की थी।