भारतीय जनता पार्टी (BJP) राजनीतिक दृष्टि से अहम उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार जीत की ओर बढ़ रही है और तीन अन्य राज्यों के रुझानों में बढ़त बनाए हुए है, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब में जबरदस्त जीत के साथ इतिहास रचती दिखाई दे रही है। AAP पंजाब में अपने जबरदस्त प्रदर्शन के साथ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए नजर आ रही है।
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के गुरुवार को घोषित हुए नतीजे कई राजनीतिक दिग्गजों के लिए निराशा लेकर आए। इस चुनाव में दो मौजूदा और पांच पूर्व मुख्यमंत्रियों को अपनी-अपनी सीट से शिकस्त का सामना करना पड़ा है।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उनके उत्तराखंड के समकक्ष पुष्कर सिंह धामी भी अपनी-अपनी सीट से हार गए हैं। यही हाल उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश सिंह रावत और पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल एवं कैप्टन अमरिंदर सिंह का भी हुआ है और वे भी अपनी-अपनी सीट से पराजित हुए हैं।
धामी भले ही चुनावी लड़ाई हार गए हों, लेकिन उनकी पार्टी उत्तराखंड में विजयी हुई है। पंजाब में तीन पूर्व मुख्यमंत्री बादल, अमरिंदर सिंह और राजिंदर कौल भट्टल अपनी-अपनी सीट से चुनाव हार गए हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भदौड़ और चमकौर साहिब, दोनों सीट से चुनाव हार गए हैं। शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल आम आदमी पार्टी के प्रतिद्वंद्वी से चुनाव हार गए हैं।
पंजाब सरकार में अधिकतर मौजूदा और पूर्व मंत्री चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवारों से हारे हैं। गोवा में पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार चर्चिल अलेमाओ को बेनौलिम सीट से आप उम्मीदवार के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और मणिपुर में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुवार सुबह सात बजे से जारी है।
देश के पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के तहत फरवरी और मार्च में मतदान हुआ था। केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी BJP दिन के अंत तक इनमें से चार राज्यों में जीत का परचम लहरा सकती है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर रुझानों और नतीजों के अनुसार, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में बीजेपी आगे है।
कांग्रेस के हाथों से पंजाब फिसलता नजर आ रहा है और अब इस पार्टी की केवल दो राज्यों-राजस्थान तथा छत्तीसगढ़ में ही सरकार है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 2.3 मत प्रतिशत के साथ केवल दो सीट पर आगे है। सभी की निगाहें राजनीतिक रूप से अहम उत्तर प्रदेश पर टिकी हैं, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार सत्ता में लगातार दूसरी बार काबिज होने की ओर है।