Garib Kalyan Sammelan: 'पहले होती थीं अटकी-लटकी-भटकी योजनाएं', PM मोदी ने शिमला में लोगों के सामने रखा 8 साल का लेखा-जोखा
मोदी ने कहा, "2014 से पहले टीवी पर अखबार में लूट खसोट की बात होती थी। बात होती थी लूट की, भ्रष्टाचार की, घोटाले की, अफसरशाही की, भाई-भतीजावाद की। बात होती थी अटकी-लटकी-भटकी योजनाओं की"
MoneyControl News
अपडेटेड May 31, 2022 पर 1:35 PM
शिमला में पीएम मोदी ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी की
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने मंगलवार को शिमला में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सीमाएं 2014 से पहले की तुलना में अब ज्यादा सुरक्षित हैं। उन्होंने आगे कहा कि वह हमेशा मानते हैं कि "वह देश के प्रधानमंत्री के बजाय, लोगों के सेवक हैं।' मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने के मौके पर 'गरीब कल्याण सम्मेलन' कार्यक्रम रखा गया था। इस दौरान पीएम मोदी ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी की।
मोदी ने कहा, "2014 से पहले टीवी पर अखबार में लूट खसोट की बात होती थी। बात होती थी लूट की, भ्रष्टाचार की, घोटाले की, अफसरशाही की, भाई-भतीजावाद की। बात होती थी अटकी-लटकी-भटकी योजनाओं की।"
यह सम्मेलन सरकार की अलग-अलग कल्याणकारी योजनाओं के बारे में सीधे जनता से प्रतिक्रिया लेने के लिए रखा गया है। संबोधन से पहले यहां से प्रधानमंत्री ने 'पीएम किसान सम्मान निधि' की 11वीं किस्त भी जारी की।
वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा, "ये शिमला का रिज का मैदान बहुत छोटा मैदान है। सभी लोग सभा स्थल तक पहुंच नहीं पा रहे हैं। हमने प्रधानमंत्री से 5 मिनट के लिए चलते हुए उनसे मिलने का आग्रह किया। मैं प्रधानमंत्री का आभारी हूं कि वे माल रोड पर पैदल होकर यहां तक पहुंचे।"
8 Years Of Garib Kalyan- PM मोदी के संबोधन की अहम बातें:
- हम भारत वासियों के सामर्थ्य के आगे कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। आज भारत में रिकॉर्ड विदेशी निवेश हो रहा है। आज भारत रिकॉर्ड एक्सपोर्ट कर रहा है।
- हमें 21वीं सदी के बुलंद भारत के लिए, आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करना है। एक ऐसा भारत जिसकी पहचान अभाव नहीं बल्कि आधुनिकता हो।
- 2014 से पहले जब मैं आपके बीच आता था, तो कहता था कि भारत दुनिया से आंख झुकाकर नहीं, आंख मिलाकर बात करेगा। आज भारत मजबूरी में दोस्ती का हाथ नहीं बढ़ाता है। आज भारत मदद के लिए हाथ बढ़ाता है।
- हमारे देश में दशकों तक वोटबैंक की राजनीति हुई है। अपना-अपना वोटबैंक बनाने की राजनीति ने देश का बहुत नुकसान किया है। हम वोटबैंक बनाने के लिए नहीं, नए भारत को बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
- ये हमारी ही सरकार है जिसने चार दशकों के इंतजार के बाद वन रैंक वन पेंशन को लागू किया, हमारे पूर्व सैनिकों को एरियर का पैसा दिया। इसका बहुत बड़ा लाभ हिमाचल के हर परिवार को हुआ है।
- पीएम आवास योजना हो, स्कॉलरशिप देना हो या फिर पेंशन योजनाएं, टेक्नोलॉजी की मदद से हमने भ्रष्टाचार का स्कोप कम से कम कर दिया है। जिन समस्याओं को पहले परमानेंट मान लिया गया था। हम उसे परमानेंट सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं।
- 2014 से पहले देश की सुरक्षा को लेकर चिंता थी। आज सर्जिकल स्ट्राइक-एयर स्ट्राइक का गर्व है। आज हमारी सीमा पहले से ज्यादा सुरक्षित है।
- लेकिन आज चर्चा जन-धन खातों से मिलने वाले फायदों की हो रही है, जनधन-आधार और मोबाइल से बनी त्रिशक्ति की हो रही है। पहले रसोई में धुआं सहने की मजबूरी थी, आज उज्ज्वला योजना से सिलेंडर पाने की सहूलियत है।
- 2014 से पहले की सरकार ने भ्रष्टाचार को सिस्टम का जरूरी हिस्सा मान लिया था। तब की सरकार भ्रष्टाचार से लड़ने की बजाय उसके आगे घुटने टेक चुकी थी, तब देश देख रहा था कि योजनाओं का पैसा जरूरतमंद तक पहुंचने के पहले ही लुट जाता है।
- एक परिवार के सदस्य के नाते, परिवार की आशा-आकांक्षा से जुड़ना, 130 करोड़ देशवासियों का परिवार ये ही सब कुछ है मेरी जिंदगी में। आप ही हैं सब कुछ मेरी जिंदगी में और ये जिंदगी भी आप ही के लिए है।
- 130 करोड़ भारतीयों के सेवक के तौर पर काम करने का मुझे आप सभी ने अवसर दिया, मुझे सौभाग्य मिला। आज मैं कुछ कर पाता हूं, दिन रात दौड़ पाता हूं, तो ये मत सोचिए कि ये मोदी करता है, ये मत सोचिए कि मोदी दौड़ता है। ये सब तो देशवासियों की कृपा से हो रहा है।
- कोरोना काल में जिन बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया था, ऐसे बच्चों का जिम्मा संभालने का अवसर मुझे मिला है। ऐसे हजारों बच्चों की देखभाल का निर्णय हमारी सरकार ने किया, कल उन्हें मैंने कुछ पैसे भी चेक के माध्यम से भेज दिए।
- आज मेरे जीवन में एक विशेष दिवस भी है, इस विशेष दिवस पर देवभूमि को प्रणाम करने का मौका मिले, इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है। आप इतनी बड़ी तादाद में हमें आशीर्वाद देने आए, मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं।
- अभी देश के करोड़ों किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा ट्रांसफर हो गया, पैसा उनको मिल भी गया। आज मुझे शिमला की धरती से देश के 10 करोड़ से भी ज्यादा किसानों के खाते में पैसे पहुंचाने का सौभाग्य मिला है।